shivr test

20 Nov 2026 Admin
१४ गुणस्थान, ६ द्रव्य एवं सिद्ध प्ररूपणा - बाल बोध संस्करण

॥ लोक, द्रव्य, तत्त्व और १४ गुणस्थान ॥

दिगंबर जैन आगम ग्रन्थों (गोम्मटसार, धवला, तत्त्वार्थसूत्र, त्रिलोकसार) पर आधारित सरल व रोचक बाल-पाठमाला

अध्याय १: गुरुदेव! मैं कहाँ हूँ? बेटा! तुम लोक के अंदर हो

१. लोक किसे कहते हैं?

आसान परिभाषा छह द्रव्यों (जीव, पुद्गल, धर्म, अधर्म, आकाश, काल) के समूह को लोक कहा जाता है। विशाल आकाश द्रव्य के मध्य में बिंदु के समान पुरुषाकार यह लोक है। लोक के अंदर वाले हिस्से को लोकाकाश और लोक के बाहर वाले अनंत खाली हिस्से को अलोकाकाश कहते हैं। लोक के बाहर केवल आकाश द्रव्य ही है। यह लोक अनादि-निधन है (न कभी किसी ने बनाया और न कभी नष्ट होगा) और तीन मुख्य भागों में बँटा है:
  • १. ऊर्ध्वलोक (ऊपर का भाग):
    • ऊर्ध्वलोक का स्थान: मध्यलोक के ऊपर से लेकर लोक के सबसे ऊपरी भाग तक का हिस्सा ऊर्ध्वलोक कहलाता है।
    • स्वर्गादि की रचना: ऊर्ध्वलोक में ऊपर की ओर क्रमशः सोलह स्वर्ग, नौ ग्रैवेयक, नौ अनुदिश और पाँच अनुत्तर विमान स्थित हैं। यहाँ वैमानिक देव रहते हैं (१६ स्वर्गों तक ही देवियाँ होती हैं; ऊपर के विमानों में अहमिन्द्र देव धर्म-ध्यान में लीन रहते हैं)। इससे ऊपर ८वीं पृथ्वी 'ईषत्प्राग्भार' के मध्य में श्वेत छत्राकार सिद्धशिला (४५ लाख योजन व्यास) है, जिसके ऊपर अंतिम तनु वातवलय के अंदर सबसे ऊपर परम शुद्ध जीव अनंतानंत सिद्ध भगवान विराजमान हैं — उन सिद्ध भगवन्तों को हमारा शुद्ध मन-वचन-काय से बारम्बार नमस्कार है।
  • २. मध्यलोक (बीच का भाग):
    • मध्यलोक का स्थान: अधोलोक से ऊपर, ऊर्ध्वलोक का नीचे वाला एक लाख चालीस योजन ऊंचाई वाला हिस्सा मध्यलोक कहलाता है।
    • मध्यलोक में द्वीप एवं समुद्र: मध्यलोक के बीच में जंबूद्वीप थाली के समान गोलाकार है। जम्बुद्वीप को चारों ओर से चूड़ी (वलय) के समान गोलाकार असंख्यात द्वीप और समुद्र क्रम से घेरे हुए हैं (अंतिम स्वयंभूरमण द्वीप व समुद्र हैं)।
    • जीवों का स्थान: मध्यलोक में मुख्यतः मनुष्य, पशु-पक्षी और अन्य तिर्यंच जीव रहते हैं।
  • ३. अधोलोक (नीचे का भाग):
    • अधोलोक एवं रत्नप्रभा पृथ्वी के ३ भेद: पहली रत्नप्रभा पृथ्वी के तीन भाग हैं— खर भाग (इसके १६ भेदों में सबसे ऊपर 'चित्रा पृथ्वी' है जहाँ हम रहते हैं), पंक भाग (जहाँ भवनवासी-व्यंतर देव रहते हैं), और अब्बहुल भाग (जहाँ पहला नरक है)।
    • सात नरक, निगोद व वातवलय: रत्नप्रभा से नीचे शर्कराप्रभा आदि छह पृथ्वियों में एक-एक नरक होने से कुल सात नरक हैं जहाँ नारकी जीव अपने अशुभ कर्मों का दुःखमय फल भोगते हैं। सबसे नीचे के १ राजू हिस्से (कलकला पृथ्वी के पास) में निगोदिया जीव रहते हैं तथा नीचे लोक के छोर पर तीन वातवलय स्थित हैं।
तीन लोक संरचना - जैन दर्शन १४ राजू ऊँचा तीन लोक (कमर पर हाथ रखे पुरुष जैसा आकार)
मध्यलोक - जम्बूद्वीप एवं असंख्यात द्वीप-समुद्र संरचना मध्यलोक रचना: जम्बूद्वीप एवं चूड़ी की तरह घेरे असंख्यात द्वीप-समुद्र

२. लोक का माप (ऊँचाई, चौड़ाई, गहराई), वातवलय एवं त्रसनाड़ी

आओ बच्चों! समझते हैं कि हमारा यह पूरा लोक कितना बड़ा है और आकाश में कैसे टिका हुआ है। इसका आकार कमर पर दोनों हाथ रखकर खड़े हुए और दोनों पैर फैलाये हुए व्यक्ति जैसा है:

माप का मज़ेदार गणित ३९ इंच = १ मीटर  |  १००० मीटर = १ किलोमीटर  |  ३.२ किलोमीटर = १ कोस  |  ४ कोस = १ लघु योजन  |  ५०० लघु योजन = १ महायोजन  |  असंख्यात महायोजन = १ राजू।
कुल ऊँचाई: १४ राजू नीचे से लेकर सबसे ऊपर सिद्धशिला तक लोक की कुल ऊँचाई १४ राजू प्रमाण है (आयतन: ३४३ घन राजू)।
गहराई (मोटाई): ७ राजू नीचे से ऊपर तक सभी जगह समान रूप से ७ राजू गहरा (मोटा) है।

चौड़ाई (नीचे से ऊपर की ओर जाने पर)

  • सबसे नीचे (अधोलोक के अंत में): ७ राजू चौड़ा।
  • मध्यलोक में (जहाँ कमर जैसा पतला भाग है): १ राजू चौड़ा।
  • ऊर्ध्वलोक के मध्य (पांचवे ब्रह्मस्वर्ग के पास): ५ राजू चौड़ा।
  • सबसे ऊपर (सिद्धशिला के पास): १ राजू चौड़ा।

लोक के चारों ओर ३ वातवलय (वायु के घेरे) व बीच में त्रसनाड़ी

  • तीन वातवलय (पैकिंग): लोक किसी शेषनाग या गाय के सींग पर नहीं, बल्कि वायु की तीन परतों के सहारे आकाश में स्थिर है — १. सबसे अंदर घनोदधि वातवलय (गाय के मूत्र जैसा रंग), २. बीच में घन वातवलय (मूंग जैसा हरा रंग), और ३. सबसे बाहर तनु वातवलय (अनेक वर्णों वाला)।
  • त्रसनाड़ी का स्वरूप: संपूर्ण लोक के ठीक मध्य में १ राजू लंबी, १ राजू चौड़ी और कुछ कम १३ राजू ऊँची त्रसनाड़ी स्थित है। एकेन्द्रिय से पंचेन्द्रिय तक के सभी त्रस जीव इसी त्रसनाड़ी के अंदर रहते हैं; इसके बाहर शेष लोकाकाश में केवल एकेन्द्रिय (निगोदिया आदि) जीव ही पाए जाते हैं।

३. लोक के तीन मुख्य भागों का विभाजन

खास नियम अधोलोक और ऊर्ध्वलोक के बीच के कमर जैसे कट से ७ राजू ऊपर और ७ राजू नीचे का विभाजन है:
  • १. अधोलोक: मध्यलोक के नीचे का पूरा भाग (ऊँचाई: ७ राजू)।
  • २. ऊर्ध्वलोक: मध्यलोक के ऊपर का भाग।
  • ३. मध्यलोक: ऊर्ध्वलोक के सबसे नीचे का १ लाख ४० योजन का हिस्सा मध्यलोक कहलाता है, जहाँ पर हम और जम्बूद्वीप आदि असंख्यात द्वीप समुद्र स्थित हैं।

४. द्रव्य, गुण और पर्याय क्या हैं?

आचार्य भगवंत उमास्वामी ने तत्त्वार्थसूत्र में द्रव्य का शाश्वत लक्षण दिया है: 'गुणपर्यायवद् द्रव्यम्।'

  • द्रव्य: गुण और पर्यायों के समूह को द्रव्य कहते हैं (जैसे ताना और बाना मिलकर कपड़ा बनता है)। द्रव्यार्थिक नय की अपेक्षा जो शाश्वत, ध्रुव और अविनाशी है — जो पहले भी था, आज भी है और आगे भी सदा रहेगा।
  • गुण: जो द्रव्य की हर अवस्था में सदा साथ रहे, वह गुण है। जैसे जीव में ज्ञान-दर्शन और पुद्गल में स्पर्श, रस, गंध, वर्ण साथ-साथ रहते हैं।
  • पर्याय: द्रव्य और गुणों की निरंतर बदलने वाली अवस्था को पर्याय कहते हैं। पर्यायार्थिक नय की अपेक्षा से द्रव्य परिणमन स्वभावी है, जैसे जीव का कभी बालक, कभी जवान, कभी वृद्ध रूप परिणमन होना अथवा दूध से दही-घी या सोने से कंगन-अंगूठी रूप परिणमन होना।
शुद्ध-अशुद्ध द्रव्य छह द्रव्यों में केवल जीव और पुद्गल शुद्ध एवं अशुद्ध रूप में बदलते हैं। शेष चार द्रव्य (धर्म, अधर्म, आकाश, काल) सदा शुद्ध ही रहते हैं। जीव की अशुद्ध अवस्था संसारी है और शुद्ध अवस्था मुक्त जीव सिद्ध भगवान है; उसी प्रकार पुद्गल की अशुद्ध अवस्था अनेक परमाणुओं का पिंड स्कंध है और शुद्ध अवस्था एक अविभागी परमाणु है।

५. छह द्रव्यों का शास्त्रीय परिचय एवं १० व्यवहार प्राण

  • १. जीव द्रव्य: जिसमें दर्शन, ज्ञान रूप चेतना पाई जाती है, जो जीता था, जी रहा है और सदैव जीता रहेगा। इसके दो भेद हैं—मुक्त जीव (सिद्ध परमात्मा) और संसारी जीव (गुणस्थानों में या चारों गतियों में घूमने वाले)।
    जीव के प्राणों का गणित निश्चय प्राण: ज्ञान, दर्शन और चेतना (जो कभी नहीं मरते)।
    १० व्यवहार प्राण: ५ इंद्रियाँ (स्पर्शन, रसना, घ्राण, चक्षु, कर्ण), ३ बल (मन, वचन, काय), १ आयु और १ श्वासोच्छ्वास।
    • एकेन्द्रिय (पेड़-पौधे): ४ प्राण  |  दो इन्द्रिय: ६ प्राण  |  तीन इन्द्रिय: ७ प्राण  |  चार इन्द्रिय: ८ प्राण  |  असंज्ञी पंचेन्द्रिय: ९ प्राण  |  संज्ञी पंचेन्द्रिय (मनुष्य आदि): पूरे १० प्राण।
  • २. पुद्गल द्रव्य: जिसमें स्पर्श, रस, गंध और वर्ण पाए जाते हैं (वर्तमान में आँखों से केवल यही दिखाई देता है)। पुद्/पूरण+गल/गलन अर्थात् मिलना और बिछुड़ना इसका स्वभाव है। इसके भेद अणु (सबसे छोटा कण जिसके टुकड़े न हो सकें) और स्कन्ध (अणुओं का समूह) हैं।
  • ३. धर्म द्रव्य: स्वयं गमन करते हुए जीव और पुद्गलों को गति करने में सहायक है (जैसे मछली को तैरने में पानी सहायक होता है)।
  • ४. अधर्म द्रव्य: स्वयं ठहरते हुए जीव और पुद्गलों को ठहरने में सहायक है (जैसे धूप में थके यात्री को पेड़ की छाया रुकने में सहायक होती है)।
  • ५. आकाश द्रव्य: जो सभी द्रव्यों को रहने के लिए स्थान (अवकाश) देता है।
  • ६. काल द्रव्य: जो जीव आदि सभी द्रव्यों के परिणमन/परिवर्तन/बदलाव में सहायक हो (जैसे आम में बौर से अंबी बनना)।
द्रव्य संख्या प्रदेशों की संख्या अस्तिकाय (सदा रहने वाले और बहुप्रदेशी) मूर्तिक (छूने-देखने योग्य) या अमूर्तिक (न छूने-न देखने योग्य)
जीवअनन्तअसंख्यात प्रदेशीअस्तिकाय (सदा रहने वाले और बहुप्रदेशी)अमूर्तिक (न छूने-न देखने योग्य)
पुद्गलअनन्तानन्तसंख्यात, असंख्यात, अनन्तअस्तिकाय (सदा रहने वाले और बहुप्रदेशी)मूर्तिक (छूने-देखने योग्य)
धर्मएकअसंख्यात प्रदेशीअस्तिकाय (सदा रहने वाला और बहुप्रदेशी)अमूर्तिक (न छूने-न देखने योग्य)
अधर्मएकअसंख्यात प्रदेशीअस्तिकाय (सदा रहने वाला और बहुप्रदेशी)अमूर्तिक (न छूने-न देखने योग्य)
आकाशएकअनन्त प्रदेशीअस्तिकाय (सदा रहने वाला और बहुप्रदेशी)अमूर्तिक (न छूने-न देखने योग्य)
कालअसंख्यातएक प्रदेशीअस्तिकाय नहीं है (सदा रहने वाले और एकप्रदेशी)अमूर्तिक (न छूने-न देखने योग्य)

६. जीव और अजीव के संयोग से आस्रव आदि ५ तत्त्व (कुल सात तत्त्व)

सात तत्त्व परिचय आस्रव, बंध, संवर, निर्जरा और मोक्ष — ये पाँचों तत्त्व जीव और अजीव के द्वारा ही होते हैं। जीव, अजीव, आस्रव, बंध, संवर, निर्जरा और मोक्ष ये सब मिलकर सात तत्त्व कहलाते हैं। जीव के परिणामों से होने वाले भेद 'भाव' तथा अजीव रूप पुद्गल कर्मों से होने वाले भेद 'द्रव्य' कहलाते हैं:
१. आस्रव तत्त्व :

कर्मों का आत्मा की ओर आना आस्रव हैं। आस्रव के दो भेद है- भावास्रव, द्रव्यास्रव

भावास्रव जीव के क्रोध आदि भावों का होना भावास्रव है।
द्रव्यास्रव पुद्गल कर्मों का आत्मा की ओर आना द्रव्यास्रव है।
नाव का उदाहरण जैसे समुद्र में चलती हुई नाव में पानी अंदर आने के लिए छेद (छिद्र) खुल जाना।
आस्रव तत्त्व चित्रण आस्रव तत्त्व
२. बंध तत्त्व :

कर्मों का आत्मा के साथ बंधना बंध है । बंध के दो भेद है- भावबंध, द्रव्यबंध

भावबंध जीव के क्रोध आदि भावों का होना भावबंध है।
द्रव्यबंध पुद्गल कर्मो का आत्मा के साथ बंधना द्रव्यबंध है।
नाव का उदाहरण जैसे नाव में पानी भर जाने से नाव का भारी होकर डूबने लगना।
बंध तत्त्व चित्रण बंध तत्त्व
३. संवर तत्त्व :

कर्मो को आत्मा की ओर आने से रोकना संवर है। संवर के दो भेद है- भावसंवर, द्रव्यसंवर

भावसंवर जीव द्वारा आत्म साधना करना भावसंवर है।
द्रव्यसंवर पुद्गल कर्मों का आत्मा की ओर नहीं आना द्रव्यसंवर है।
नाव का उदाहरण जैसे नाव के छेद को डाट या कपड़े से कसकर बंद कर देना ताकि नया पानी अंदर न आ सके।
संवर तत्त्व चित्रण संवर तत्त्व
४. निर्जरा तत्त्व :

आत्मा से बंधे पुद्गल कर्मों का धीरे धीरे नष्ट होना निर्जरा हैं। निर्जरा के दो भेद है- भावनिर्जरा, द्रव्यनिर्जरा

भावनिर्जरा जीव द्वारा आत्म साधना करना भावनिर्जरा है।
द्रव्यनिर्जरा आत्मा से बंधे पुद्गल कर्मों का धीरे धीरे नष्ट होना द्रव्यनिर्जरा है।
नाव का उदाहरण जैसे नाव में पहले से भरे हुए पानी को बाल्टी से उलीच कर बाहर फेंकना।
निर्जरा तत्त्व चित्रण निर्जरा तत्त्व
५. मोक्ष तत्त्व :

पुद्गल कर्मो का आत्मा से पूर्ण रूप से नष्ट हो जाना मोक्ष हैं। मोक्ष के दो भेद है- भावमोक्ष, द्रव्यमोक्ष

भावमोक्ष जीव का आत्म स्वाभाव में रहना भावमोक्ष है।
द्रव्यमोक्ष पुद्गल कर्मो का आत्मा से पूर्ण रूप से नष्ट हो जाना द्रव्यमोक्ष है।
नाव का उदाहरण जैसे नाव का सारा पानी निकल जाने के बाद नाव का सुरक्षित किनारे पर पहुँच जाना।
मोक्ष तत्त्व चित्रण मोक्ष तत्त्व

अध्याय २: गुणस्थान का आधार, देव-शास्त्र-गुरु विवेक, मोहनीय कर्म व योग

१. गुणस्थान का सरल अर्थ व आगम परिभाषा

शाब्दिक अर्थ गुण का अर्थ है 'परिणाम या भाव'। स्थान का अर्थ है 'जगह या सीढ़ी (अवस्था)'। जीव के जैसे-जैसे भाव या परिणाम होते हैं, उसी के अनुसार जीव को वैसी अवस्था (सीढ़ी) प्राप्त होती है।
आगम परिभाषा मोह (मोहनीय कर्म) और योग (मन-वचन-काय की चंचलता) के निमित्त से संसारी जीव के अंदर के परिणामों में हर समय होने वाले उतार-चढ़ाव (तारतम्य) को गुणस्थान कहते हैं।
  • परिणामों का उतार-चढ़ाव:
    उदाहरण जैसे थर्मामीटर में शरीर का तापमान कभी बढ़ता है और कभी कम होता है, या बाजार में सोने-चाँदी के भाव कभी ऊपर जाते हैं और कभी नीचे आते हैं। वैसे ही आत्मा के भाव भी ऊपर-नीचे होते रहते हैं।
  • गुणस्थान किनके होते हैं?: यह व्यवस्था नियम से संसारी जीवों के लिए ही है। संसार में ऐसा कोई जीव नहीं जो १४ में से किसी एक गुणस्थान में न हो। संसार से पार हो चुके सिद्ध भगवान गुणस्थानातीत (गुणस्थान से परे) होते हैं, क्योंकि उनमें मोह और योग पूरी तरह समाप्त हो चुके हैं।

२. सच्चे (सम्यक) और झूठे (मिथ्या) देव, गुरु तथा शास्त्र

सम्यक का अर्थ है सच्चा या वास्तविक। दृष्टि का अर्थ है नजरिया या मान्यता। जिसका नजरिया सच्चा हो वह सम्यकदृष्टि है (जैसे दूध को अच्छा मानना)। जिसका नजरिया उल्टा हो वह मिथ्यादृष्टि है (जैसे शराब या जहर को अच्छा मानना)। आत्मकल्याण के मार्ग में सच्चे देव-शास्त्र-गुरु अमृत के समान हितकारी हैं, और मिथ्या देव-शास्त्र-गुरु विष के समान अहितकारी हैं:

तत्त्व सच्चा स्वरूप (ग्रहण करने योग्य — अमृत समान) मिथ्या रूप (छोड़ने योग्य — विष समान)
देव सच्चे देव: वीतरागी, सर्वज्ञ एवं हितोपदेशी जिनेन्द्र भगवान, जो राग-द्वेष से पूरी तरह रहित हैं। कुदेव: राग, द्वेष, काम, क्रोध एवं अस्त्र-शस्त्र धारण करने वाले रागी-द्वेषी देवी-देवता।
गुरु सच्चे गुरु: अंदर और बाहर के समस्त परिग्रह का त्याग कर संयम के मार्ग पर चलने वाले, २८ मूलगुणों के धारक नग्न दिगम्बर निर्ग्रन्थ मुनिराज। कुगुरु: बाहरी दिखावे व आडंबर से युक्त; जो कपड़े पहनते हैं, मुँहपट्टी लगाते हैं, डंडे में पिच्छी रखते हैं या अस्त्र-शस्त्र रखते हैं।
शास्त्र सच्चे शास्त्र: जिनेन्द्र भगवान के उपदेशों पर आधारित वीतराग वाणी, जो सबका हित और मोक्षमार्ग बताती है। कुशास्त्र: वीतराग मार्ग के विपरीत, हिंसा, राग-द्वेष और गलत मान्यताओं को बढ़ावा देने वाले ग्रन्थ।

३. मोहनीय कर्म (२८ प्रकृतियाँ) — गुणस्थान का पहला मुख्य कारण

जो कर्म जीव के सच्चे विश्वास (सम्यक्त्व) और अच्छे आचरण (चारित्र) को भ्रमित कर देता है, उसे मोहनीय कर्म कहते हैं। इसकी कुल २८ प्रकृतियाँ हैं, जिन्हें दो भागों में बाँटा गया है:

A. दर्शन मोहनीय कर्म (३ प्रकृतियाँ — सच्चे विश्वास को रोकने वाले)

यह जीव के सच्चे श्रद्धान गुण को रोकता है। इसकी ३ प्रकृतियाँ हैं:

  • १. मिथ्यात्व प्रकृति: इसके उदय में जीव को सच्चे देव-शास्त्र-गुरु और सात तत्वों पर विश्वास नहीं होता। जीव अज्ञानतावश उल्टी बात को सच मानता है।
  • २. सम्यग्मिथ्यात्व (मिश्र) प्रकृति: इसके उदय में जीव के भाव न पूरे सच्चे होते हैं न पूरे झूठे, बल्कि दोनों का मिला-जुला रूप (जैसे गुड़ और दही का खट्टा-मीठा स्वाद) रहता है।
  • ३. सम्यक्त्व (वेदक) प्रकृति एवं ३ दोष: यह क्षयोपशम सम्यग्दृष्टि जीव के उदय में रहती है (उदय काल अंतर्मुहूर्त)। यह सम्यक्त्व को नष्ट तो नहीं करती, पर विश्वास में चल, मल, अगाढ़ ३ छोटे दोष लगाती है:
    • चल दोष: विश्वास में चंचलता आना या अपने-पराए का भेद करना। उदाहरण: सभी तीर्थंकर समान वीतरागी हैं, यह जानते हुए भी "यह मंदिर हमारा है, वह मंदिर उनका" या "अमुक तीर्थंकर ही हमारे भगवान हैं" ऐसा भाव रखना।
    • मल दोष: निर्मल भावों में शंका, इच्छा, ग्लानि आदि सूक्ष्म दोषों का लगना। उदाहरण: जैसे शुद्ध सोने पर धूल जमने से उसकी चमक थोड़ी फीकी पड़ जाती है।
    • अगाढ़ दोष: सच्चा विश्वास होने पर भी मजबूती (गहराई) की कमी। उदाहरण: किसी चमत्कारिक क्षेत्र की प्रतिमा को अधिक शक्तिशाली और सामान्य प्रतिमा को कम समझना।

B. चारित्र मोहनीय कर्म (२५ प्रकृतियाँ — अच्छे आचरण को रोकने वाले)

यह जीव के आचरण को गंदा कर राग-द्वेष उत्पन्न करता है। इसके १६ कषाय और ९ नोकषाय हैं:

  • १६ कषाय वेदनीय (४ कषाय × ४ श्रेणियाँ) व रेखाओं के उदाहरण:
    • अनन्तानुबन्धी (क्रोध, मान, माया, लोभ): यह सम्यग्दर्शन और चारित्र दोनों को रोकती है।
      उदाहरण पत्थर पर छैनी से खोदी गई गहरी रेखा (जो बहुत मुश्किल से मिटती है)।
    • अप्रत्याख्यानावरण (क्रोध, मान, माया, लोभ): यह सम्यग्दर्शन तो होने देती है, परंतु श्रावक के अणुव्रत (देशव्रत) ग्रहण नहीं करने देती।
      उदाहरण दीवार पर खींची गई रेखा (जो महीने-दो महीने में मिट जाती है)।
    • प्रत्याख्यानावरण (क्रोध, मान, माया, लोभ): यह देशव्रत तो होने देती है, लेकिन नग्न दिगंबर महाव्रती मुनिराज नहीं बनने देती।
      उदाहरण रेत या धूल में खींची गई रेखा (जो हवा चलते ही तुरंत मिट जाती है)।
    • संज्वलन (क्रोध, मान, माया, लोभ): यह मुनि के महाव्रत तो होने देती है, पर आत्मा में पूरी तरह लीन नहीं होने देती।
      उदाहरण पानी पर खींची गई रेखा (जो खींचते ही साथ-साथ मिट जाती है)।
  • ९ नोकषाय वेदनीय (छोटी कषायें): जो बड़ी कषायों को भड़काने में मदद करती हैं: १. हास्य (मजाक उड़ाना), २. रति (अच्छा लगना/राग), ३. अरति (बुरा लगना/अरुचि), ४. शोक (किसी प्यारी चीज़ के बिछड़ने का दुःख), ५. भय (डर), ६. जुगुप्सा (घृणा/ग्लानि), ७. स्त्रीवेद, ८. पुरुषवेद, ९. नपुंसकवेद।

४. योग एवं जैन दर्शन में 'मन' का अनोखा स्वरूप — गुणस्थान का दूसरा कारण

  • योग की परिभाषा: मन, वचन और शरीर (काय) की चंचलता या हलचल को योग कहते हैं। इसके तीन भेद हैं: मनोयोग (मन से सोचना), वचनयोग (मुँह से बोलना), और काययोग (शरीर को हिलाना-डुलाना)।
  • मन कहाँ होता है? (बहुत ज़रूरी बात): सामान्य भाषा में हम मन को दिमाग (Brain) समझ लेते हैं, लेकिन जैन दर्शन में मन दिमाग नहीं है; बल्कि मन बहुत ही सूक्ष्म, आठ पंखुड़ियों वाले कमल के आकार का (अष्टदल कमलाकार) और हृदय (दिल) के पास स्थित है, जिसकी मदद से जीव अपने अच्छे-बुरे के बारे में सोच पाता है।

अध्याय ३: मोक्ष की १४ सीढ़ियाँ (१४ गुणस्थानों का सम्पूर्ण वर्णन)

(गोम्मटसार जीवकाण्ड, धवला, तत्त्वार्थवार्तिक एवं शिविर में वर्णित १ से १४ गुणस्थानों का एक-एक सूक्ष्म नियम — सरल भाषा में)

०१. मिथ्यात्व (मिथ्यादृष्टि) गुणस्थान प्रधान भाव: औदयिक (दर्शनमोह) कम से कम समय: अन्तर्मुहूर्त अधिक से अधिक समय: अनादि-अनन्त / अर्धपुद्गल परावर्तन
सरल परिभाषा मिथ्यात्व कर्म के उदय से प्रभावित आत्मा मिथ्यादृष्टि है। जहाँ जीव सच्चे देव-शास्त्र-गुरु और सात तत्त्वों के असली स्वरूप पर विश्वास नहीं करता या उल्टा विश्वास करता है।
उदाहरण जैसे तेज़ बुखार (पित्त-ज्वर) वाले मरीज को मीठा दूध और शक्कर भी कड़वे लगते हैं। या जैसे कोई बच्चा अनजाने में भी नंगा बिजली का तार छू ले तो करंट ज़रूर लगता है, वैसे ही अनजाने में भी गलत रास्ते पर चलना या कुदेव-कुगुरु को पूजना मिथ्यात्व ही है।

पाँच प्रकार के मिथ्यात्व (त.वा. ८/१/२८)

  • १. एकान्त मिथ्यात्व: किसी वस्तु के बारे में "यह बस ऐसी ही है, दूसरी तरह से हो ही नहीं सकती" ऐसी ज़िद पकड़ना। वस्तु के केवल एक पहलू को ही सब कुछ मान लेना (जैसे—वस्तु को हमेशा स्थायी ही मानना या हमेशा नाशवान ही मानना — बौद्ध मत)।
  • २. विपरीत मिथ्यात्व: सच्ची बात से बिल्कुल उल्टा मानना (जैसे—कपड़े-पैसे रखने वाले को सच्चा मुनि मानना, सर्वज्ञ भगवान को भोजन करने वाला मानना, हिंसा वाले यज्ञों से धर्म मानना, स्त्री को उसी जन्म से मोक्ष मानना — याज्ञिक मत)।
  • ३. संशय मिथ्यात्व: सच्चे देव-शास्त्र-गुरु और सात तत्त्वों के बारे में मन में शक या दुविधा रखना कि मोक्ष का मार्ग है भी या नहीं? (श्वेताम्बर इन्द्र गुरु दृष्टान्त)।
  • ४. वैनयिक मिथ्यात्व: बिना सोचे-समझे सभी देवी-देवताओं, सभी मतों और पाखण्डियों को एक जैसा मानना और कहना कि "सब धर्म बराबर हैं" (तापसी मत)।
  • ५. आज्ञानिक मिथ्यात्व: क्या अच्छा है और क्या बुरा, क्या अपनाना चाहिए और क्या छोड़ना चाहिए — इस समझ से पूरी तरह खाली होना (मस्करी मत)।

मिथ्यादृष्टि जीवों के १५ सूक्ष्म भेद

  • १. अनादि मिथ्यादृष्टि: जिसे आज तक कभी सम्यग्दर्शन (सच्ची समझ) नहीं हुआ।
  • २. अनादि-अनन्त मिथ्यादृष्टि: जिसे न कभी सम्यक्त्व हुआ है और न अनन्त काल में कभी होगा (अभव्य एवं अभव्य-सम भव्य)।
  • ३. अनादि-सान्त मिथ्यादृष्टि: जिसे आज तक सम्यक्त्व नहीं हुआ, पर भविष्य में ज़रूर प्राप्त कर संसार का अन्त करेगा (भव्य)।
  • ४. सादि-सान्त मिथ्यादृष्टि: जिसने पहले सम्यक्त्व प्राप्त किया था, पर फिर नीचे गिरकर मिथ्यात्व में आ गया।
  • ५. अगृहीत मिथ्यादृष्टि: बिना किसी के सिखाए, अनादि से शरीर और आत्मा को एक मानने वाला जन्मजात मिथ्यात्व।
  • ६. गृहीत मिथ्यादृष्टि: कुगुरु-कुदेव के उपदेश सुनकर नया सीखा हुआ उल्टा विश्वास।
  • ७. सातिशय मिथ्यादृष्टि: जो पहली बार सम्यग्दर्शन पाने के बिल्कुल करीब पहुँच चुका है।
  • ८. घातायुष्क मिथ्यादृष्टि: जिसने मुनि अवस्था में १२वें स्वर्ग से ऊपर की आयु बांधी, पर बाद में गुस्से-संक्लेश से संयम तोड़कर आयु घटा ली और नीचे के स्वर्गों में जाने वाला हुआ।
  • ९. लब्धोनलब्धिक मिथ्यादृष्टि: जिसने चार लब्धियाँ पूरी कर पाँचवीं करणलब्धि में प्रवेश कर लिया है।
  • १०. वेदक सम्यक्त्व प्राप्त योग्य मिथ्यादृष्टि: वह सादि मिथ्यादृष्टि जिसकी आत्मा में सम्यक्त्व प्रकृति मौजूद है।
  • ११. २८ मोहनीय प्रकृति की सत्ता वाला: प्रथमोपशम के समय मिथ्यात्व के ३ टुकड़े होने के बाद जो वापस मिथ्यात्व में लौट आया।
  • १२. २७ मोहनीय प्रकृति की सत्ता वाला: २८ प्रकृति वाला जीव जब सम्यक्प्रकृति को बदल (उद्वेलना) देता है।
  • १३. २६ मोहनीय प्रकृति की सत्ता वाला: जब सम्यग्मिथ्यात्व को भी बदलकर केवल मिथ्यात्व शेष रखता है (अनादि मिथ्यादृष्टि भी इसी वाला होता है)।
  • १४. तीर्थङ्कर प्रकृति की सत्ता वाला: नरक आयु बांधकर सम्यक्त्व के साथ तीर्थङ्कर प्रकृति बांधी, पर मृत्यु से अन्तर्मुहूर्त पहले मिथ्यात्व में आकर २रे/३रे नरक में गया।
  • १५. अनन्तानुबन्धी कषाय रहित मिथ्यादृष्टि: जिसने अनन्तानुबन्धी कषाय को हटा दिया था और फिर मिथ्यात्व में आने पर १ आवली तक अनन्तानुबन्धी के उदय के बिना रहा।

अन्य अपेक्षा से ३ भेद (भव्य, अभव्य, दूरानुदूर भव्य)

  • १. अभव्य: जिनमें मोक्ष जाने या सम्यक्त्व प्रकट करने की योग्यता ही नहीं है।
  • २. भव्य: जिनमें मोक्ष जाने की योग्यता है।
  • ३. अभव्य-सम भव्य (दूरानुदूर भव्य): जिनमें अंदर ताकत तो है, पर सही गुरु या निमित्त न मिलने से वह ताकत प्रकट नहीं होगी और वे मोक्ष नहीं जा पाएंगे।
    मज़ेदार प्रश्न व उदाहरण प्रश्न: जो मोक्ष नहीं जाएगा उसे अभव्य क्यों नहीं कहते? उत्तर: जैसे सोने की खान का पत्थर जो कभी पिघलाया नहीं गया, उसे साधारण पत्थर नहीं कह सकते क्योंकि उसमें सोना बनने की ताकत है; जैसे गाड़ी के मीटर में १८० किमी/घंटा की रफ्तार लिखी है, कोई चलाए या न चलाए ताकत तो है; या माचिस की डिब्बी के मसाले में आग की ताकत है भले तीली न रगड़ी जाए। नियम: भव्य कभी अभव्य नहीं हो सकते और न अभव्य कभी भव्य हो सकते हैं।

नियम एवं व्याप्ति

इस गुणस्थान में अनन्तानन्त जीव हैं। मिथ्यादृष्टि संज्ञी पंचेन्द्रिय चारों गतियों में जन्म ले सकते हैं। मिथ्यादृष्टि मुनि (द्रव्यलिंगी) नवग्रैवेयक स्वर्ग तक जन्म ले सकते हैं। ८५० म्लेच्छ खण्ड के जीव, २री से ७वीं पृथ्वी के नारकी निर्वृत्यपर्याप्तक अवस्था में, एकेन्द्रिय से असंज्ञी पंचेन्द्रिय तक, भवनत्रिक में जन्म के अन्तर्मुहूर्त तक देव-देवियाँ, लब्ध्यपर्याप्तक मनुष्य और अभव्य जीव नियम से पहले गुणस्थान में ही रहते हैं।

०२. सासादन सम्यक्त्व गुणस्थान प्रधान भाव: पारिणामिक कम से कम समय: १ समय अधिक से अधिक समय: ६ आवली
सरल परिभाषा स + आसादना = सासादन (गिरने या विराधना सहित)। प्रथमोपशम या द्वितीयोपशम सम्यक्त्व के समय में से जब कम से कम १ समय और अधिक से अधिक ६ आवली बाकी रह जाए, तब अनन्तानुबन्धी ४ में से किसी एक कषाय के जाग जाने से सम्यक्त्व छूट जाता है, पर अभी मिथ्यात्व शुरू नहीं हुआ है — इस बीच की फिसलती हुई अवस्था को सासादन गुणस्थान कहते हैं।
आगम उदाहरण
१. राष्ट्रपति-प्रधानमन्त्री उदाहरण: राष्ट्रपति (मिथ्यात्व) का चुनाव ५ साल (अन्तर्मुहूर्त) के लिए है, वह तभी हटेगा। पर प्रधानमन्त्री (अनन्तानुबन्धी) पहले भी हट सकता है। इसी बीच की स्थिति सासादन है।
२. पेड़ से गिरते फल का उदाहरण: जैसे कोई फल पेड़ रूपी सम्यक्त्व से टूटकर गिर चुका है, पर अभी नीचे मिथ्यात्व रूपी ज़मीन पर नहीं पहुँचा; बीच हवा में लटकने की अवस्था सासादन है।
३. खीर का उदाहरण: जैसे किसी ने खीर खाकर उल्टी कर दी हो, फिर भी जीभ पर थोड़ा सा स्वाद रह जाता है, वैसे ही छूटे हुए सम्यक्त्व का हल्का संस्कार यहाँ रहता है।

सासादन गुणस्थान के सूक्ष्म रहस्य

  • नियम से नीचे गिरना: इस गुणस्थान का समय पूरा होने पर जीव नियम से पहले (मिथ्यात्व) गुणस्थान में ही जाता है। यहाँ से कभी कोई जीव ऊपर नहीं चढ़ सकता। पहले से सीधे दूसरे में आना भी असंभव है।
  • पारिणामिक भाव क्यों?: क्योंकि यहाँ न मिथ्यात्व का उदय है, न उपशम, न क्षय और न क्षयोपशम। दर्शनमोह की अपेक्षा कर्म से स्वतंत्र होने से यह पारिणामिक भाव कहलाता है।
  • दादाजी और ३ पोतों का उदाहरण: अनन्तानुबन्धी चारित्रमोह की कषाय होकर भी सम्यक्त्व को रोकती है। उदाहरण: एक दादाजी मैदान में बैठे हैं (अनन्तानुबन्धी), उनके ३ पोते (अप्रत्याख्यानावरण, प्रत्याख्यानावरण, संज्वलन) खेल रहे हैं। बड़े लड़कों का दादाजी के डर से मैदान में न आना ही सम्यग्दर्शन को रोकना है।
  • यहाँ मरने वाला जीव कभी नरक में नहीं जाता। इस गुणस्थान वाला जीव नियम से भव्य होता है। यह सान्तर मार्गणा है (कभी ऐसा समय आ सकता है जब तीनों लोकों में एक भी जीव इस गुणस्थान में न हो)।
०३. सम्यग्मिथ्यात्व (मिश्र) गुणस्थान प्रधान भाव: क्षायोपशमिक कम से कम व अधिक से अधिक समय: अन्तर्मुहूर्त मात्र
सरल परिभाषा सम्यग्मिथ्यात्व (मिश्र) प्रकृति के उदय से जहाँ आत्मा में सच्चा और झूठा दोनों तरह का मिला-जुला विश्वास पाया जाए, उसे सम्यग्मिथ्यात्व या मिश्र गुणस्थान कहते हैं। इसमें जीव न तो पूरा सम्यग्दृष्टि होता है और न ही पूरा मिथ्यादृष्टि।
आगम उदाहरण
१. दही-गुड़ / खिचड़ी उदाहरण: जैसे दही और गुड़ को एक साथ मिला देने पर खट्टा-मीठा मिला-जुला स्वाद आता है, या दाल-चावल की खिचड़ी का स्वाद।
२. नई दुल्हन का उदाहरण: जैसे लड़की की शादी होकर ससुराल जाने के बाद भी मायके (पीहर) का प्यार नहीं छूटता, दोनों तरफ मन रहता है।
३. मित्रता-शत्रुता उदाहरण: जैसे एक ही इंसान के मन में किसी के लिए दोस्ती और किसी के लिए दुश्मनी दोनों भाव एक साथ रह सकते हैं।

मिश्र गुणस्थान के ४ पक्के नियम

४ पक्के नियम
१. मृत्यु नहीं होती: इस गुणस्थान में कभी किसी जीव की मृत्यु नहीं होती। मरने से पहले जीव नियम से सम्यक्त्व (४थे) या मिथ्यात्व (१ले) में जाता है।
२. मारणान्तिक समुद्घात नहीं होता।
३. नई आयु नहीं बंधती: इस गुणस्थान में जीव कभी अगले जन्म की आयु कर्म नहीं बांध सकता।
४. व्रत-संयम नहीं ले सकते: इस गुणस्थान वाला जीव न अणुव्रत ले सकता है और न मुनि के महाव्रत।
  • अनादि मिथ्यादृष्टि यहाँ नहीं आ सकता: अनादि मिथ्यादृष्टि कभी तीसरे गुणस्थान में नहीं आ सकता, क्योंकि उसके पास सम्यग्मिथ्यात्व प्रकृति ही नहीं होती। केवल सादि मिथ्यादृष्टि ही यहाँ आ सकता है।
  • यहाँ से चौथे में जाने वाला जीव प्रथमोपशम सम्यक्त्व नहीं पा सकता, वह केवल क्षयोपशम सम्यक्त्व ही पाता है।
०४. अविरत सम्यक्त्व गुणस्थान प्रधान भाव: औपशमिक / क्षायोपशमिक / क्षायिक कम से कम: अन्तर्मुहूर्त अधिक से अधिक: ३३ सागर + कुछ कम १ पूर्वकोटि
सरल परिभाषा जहाँ सच्चे देव-शास्त्र-गुरु एवं सात तत्त्वों पर अटल, पक्का विश्वास (सम्यग्दर्शन) प्रगट हो गया है, पर अप्रत्याख्यानावरण कषाय के कारण अभी पाँच पापों व सांसारिक सुखों का त्याग (व्रत) नहीं हुआ है। (उदाहरण: महारानी चेलना, जिन्होंने जान का खतरा आने पर भी अपना सच्चा विश्वास नहीं छोड़ा)।

सम्यग्दर्शन के तीन प्रमुख भेद

  • १. औपशमिक सम्यक्त्व: दर्शनमोहनीय और अनन्तानुबन्धी के दब जाने (उपशम) से होता है। अधिक से अधिक समय अन्तर्मुहूर्त है। अनादि मिथ्यादृष्टि सबसे पहले यही सम्यक्त्व पाता है।
  • २. क्षायोपशमिक (वेदक) सम्यक्त्व: सम्यक्त्व प्रकृति के उदय के साथ होता है। इसमें चल, मलिन और अगाढ़ तीन हल्के दोष लगते हैं। अधिक से अधिक समय ६६ सागर है।
  • ३. क्षायिक सम्यक्त्व: अनन्तानुबन्धी ४ और दर्शनमोह की तीनों प्रकृतियों का हमेशा के लिए नाश करने पर प्रकट होता है। यह एक बार होने पर कभी नहीं छूटता। अधिक से अधिक समय ३३ सागर + कुछ कम १ पूर्वकोटि है।

सम्यग्दृष्टि के ४ लक्षण एवं ४ भावनाएँ

  • ४ लक्षण: १. प्रशम (तेज़ गुस्से-कषाय का शांत रहना), २. संवेग (संसार से डर व मोक्ष की इच्छा), ३. अनुकम्पा (सब जीवों पर दया, भोजन-दवा दान), ४. आस्तिक्य (आत्मा व तत्त्वों पर पक्का विश्वास)।
  • ४ भावनाएँ: १. मैत्री (सब जीवों से दोस्ती), २. प्रमोद (अच्छे व गुणी लोगों को देखकर खुश होना), ३. कारुण्य (दुखियों की मदद करना), ४. माध्यस्थ (गलत रास्ते पर चलने वालों से नफरत न कर शांत रहना)।

विशेषताएँ एवं जन्म समय नियम

  • चौथे गुणस्थान वाले जीव को अध्यात्म में 'जघन्य अन्तरात्मा' कहा जाता है।
  • सम्यग्दर्शन होते ही जीव का संसार अधिक से अधिक कुछ कम 'अर्द्धपुद्गल परावर्तन' ही बाकी रह जाता है।
  • मृत्यु नियम: चौथे गुणस्थान वाले मनुष्य व पशु-पक्षी मरकर नियम से स्वर्ग के देव ही बनते हैं (नरक या पशु नहीं बनते)।
  • जन्म के कितने समय बाद सम्यग्दर्शन हो सकता है?: कर्मभूमि मनुष्य—८ वर्ष अन्तर्मुहूर्त बाद; सम्मूर्च्छन तिर्यञ्च—३ अन्तर्मुहूर्त बाद; गर्भज तिर्यञ्च—गर्भकाल के बाद; उत्तम भोगभूमि—२१ दिन बाद; मध्यम—३५ दिन; जघन्य—४९ दिन बाद; देव/नारकी—३ अन्तर्मुहूर्त बाद।
  • तीर्थङ्कर प्रकृति का बन्ध कर्मभूमि का मनुष्य शुरू कर सकता है। १६वें स्वर्ग से ऊपर नव अनुदिश व पाँच अनुत्तर विमानों में केवल यही चौथा गुणस्थान होता है।
०५. देशविरत (संयमासंयम) गुणस्थान प्रधान भाव: क्षायोपशमिक अधिक से अधिक समय: ३ अन्तर्मुहूर्त कम १ पूर्वकोटि
सरल परिभाषा जहाँ सम्यग्दर्शन के साथ पाँच पापों का आंशिक (स्थूल) त्याग हो जाता है, पर अभी मुनि जैसे पूरे महाव्रत नहीं हुए हैं। एक ही समय में यह जीव 'विरत' भी है (चलने-फिरने वाले त्रस जीवों की हिंसा का त्यागी) और 'अविरत' भी (एक जगह रहने वाले स्थावर जीवों की हिंसा का पूर्ण त्यागी नहीं)।

श्रावक की ११ प्रतिमाएँ एवं विशेषताएँ

  • ११ प्रतिमाएँ (श्रावक की ११ सीढ़ियाँ): १. दर्शन, २. व्रत (१२ व्रत), ३. सामायिक, ४. प्रोषधोपवास, ५. सचित्त त्याग, ६. रात्रिभुक्ति त्याग (दिवामैथुन त्याग), ७. ब्रह्मचर्य, ८. आरम्भ त्याग, ९. परिग्रह त्याग, १०. अनुमति त्याग, ११. उद्दिष्ट त्याग (क्षुल्लक व ऐलक)।
  • पात्रता: यह गुणस्थान केवल कर्मभूमि के मनुष्यों (८ वर्ष अन्तर्मुहूर्त बाद) एवं संज्ञी पंचेन्द्रिय पशु-पक्षियों (तिर्यञ्चों) को ही हो सकता है। भोगभूमि के जीवों, देवों और नारकियों को कभी नहीं होता।
  • नियम: क्षायिक सम्यग्दृष्टि तिर्यञ्च इस गुणस्थान को नहीं पा सकते क्योंकि वे भोगभूमि में होते हैं जहाँ गुणस्थान १ से ४ तक ही होते हैं।
  • मरने वाले मनुष्य और तिर्यञ्च नियम से स्वर्ग के देवों में ही जन्म लेते हैं।
०६. प्रमत्तविरत (प्रमत्तसंयत) गुणस्थान प्रधान भाव: क्षायोपशमिक (चारित्रमोह) कम से कम: १ समय (मरण अपेक्षा) अधिक से अधिक: अन्तर्मुहूर्त
सरल परिभाषा जहाँ तीन कषाय चौकड़ी के अनुदय से मुनि के पूरे महाव्रत (२८ मूलगुण) तो प्रकट हो गए हैं, पर संज्वलन कषाय और ९ नोकषाय के कारण संयम में हल्का आलस्य या प्रमाद रहता है। यह केवल नग्न दिगम्बर मुनिराजों को ही होता है।

१५ प्रमाद एवं ८० प्रमाद भंग का गणित

  • १५ प्रमाद:
    १. ४ विकथा (फालतू बातें): स्त्रीकथा, भोजन की कथा, देश-विदेश की कथा, राजा-राजनीति की कथा।
    २. ४ कषाय: क्रोध, मान, माया, लोभ।
    ३. ५ इन्द्रिय: स्पर्शन, रसना, घ्राण, चक्षु, श्रोत्र (विषयों में चंचलता)।
    ४. १ निद्रा (नींद) व १ स्नेह (शरीर/पिच्छी-कमण्डलु से लगाव)।
  • ८० भंग (गणित): ४ विकथा × ४ कषाय × ५ इन्द्रिय × १ निद्रा × १ स्नेह = ८० प्रमाद भंग।

शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन का उदाहरण एवं विशेषताएँ

  • ट्रेन का उदाहरण यह गुणस्थान चढ़ते समय नहीं बनता, उतरते समय बनता है। मुनि दीक्षा लेते समय जीव पहले सीधे सातवें (अप्रमत्त) गुणस्थान में जाता है, फिर सातवें से उतरकर छठवें में आता है। जैसे दिल्ली से चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस सीधे भोपाल रुकती है, बीच के विदिशा स्टेशन पर नहीं रुकती — यात्री पहले भोपाल जाता है फिर लोकल ट्रेन से वापस विदिशा आता है।
  • ऋद्धियों का प्रयोग, मनःपर्ययज्ञान की शुरुआत, आहारक शरीर की प्राप्ति इसी छठवें गुणस्थान में संभव है।
  • शुद्ध मनुष्य संज्ञा: छठवें गुणस्थान से ऊपर केवल मनुष्य गति ही होती है (देव, नारकी, पशु नहीं)।
०७. अप्रमत्तविरत (अप्रमत्तसंयत) गुणस्थान प्रधान भाव: क्षायोपशमिक / औपशमिक / क्षायिक अधिक से अधिक समय: अन्तर्मुहूर्त (६ठे से आधा)
सरल परिभाषा जहाँ संज्वलन कषाय बहुत धीमी पड़ जाने से पूरे १५ प्रकार के प्रमाद (आलस्य) पूरी तरह खत्म हो जाते हैं और मुनिराज गहरे आत्म-ध्यान में लीन रहते हैं। आज के इस पंचमकाल में मुनिराज इसी सातवें गुणस्थान तक ही जा सकते हैं।

२ भेद एवं अधःप्रवृत्तकरण के ४ महान् कार्य

  • १. स्वस्थान अप्रमत्त: जहाँ मुनिराज थोड़ी-थोड़ी देर (अन्तर्मुहूर्त) में छठवें और सातवें गुणस्थान के बीच झूलते रहते हैं (हजारों बार ऊपर-नीचे आते-जाते हैं)।
  • २. सातिशय अप्रमत्त: जब मुनिराज मोक्ष की ऊँची श्रेणी चढ़ने के लिए तैयार होकर अधःप्रवृत्तकरण परिणाम शुरू करते हैं। यहाँ से वे नियम से ८वें गुणस्थान में जाते हैं।
  • अधःप्रवृत्तकरण के ४ कार्य:
    १. प्रतिसमय अनन्तगुणी विशुद्धि: मन के भाव हर समय अनन्तगुने पवित्र होते जाते हैं।
    २. स्थिति-बन्धापसरण: नए बंधने वाले कर्मों की उम्र (स्थिति) घट-घट कर बंधती है।
    ३. अनुभाग-बन्धापसरण: पाप कर्मों की कड़वाहट (फल देने की ताकत) हर समय कम होकर बंधती है।
    ४. अनुभाग-बन्ध वृद्धि: पुण्य कर्मों की मिठास हर समय अनन्तगुनी बढ़कर बंधती है।
०८. अपूर्वकरण गुणस्थान प्रधान भाव: औपशमिक / क्षायिक अधिक से अधिक समय: अन्तर्मुहूर्त
सरल परिभाषा अ = नहीं, पूर्व = पहले, करण = परिणाम। जिस गुणस्थान में आत्मा के ऐसे अनोखे और पवित्र परिणाम उत्पन्न होते हैं जो पहले कभी भी नहीं हुए थे।

दो श्रेणियाँ (उपशम श्रेणी बनाम क्षपक श्रेणी)

  • आठवें गुणस्थान से 'श्रेणी' (मोक्ष की तेज़ चढ़ाई) शुरू होती है:
  • उपशम श्रेणी: इसमें चारित्रमोहनीय की २१ प्रकृतियों को दबाया (उपशमित) जाता है। यहाँ से जीव नियम से नीचे गिरता है (जैसे मिट्टी से दबाई गई घास फिर उग आती है)। मरने पर स्वर्ग का देव बनता है। एक जन्म में अधिक से अधिक २ बार और पूरे संसार में ४ बार चढ़ी जा सकती है।
  • क्षपक श्रेणी: केवल क्षायिक सम्यग्दृष्टि मुनि ही चढ़ते हैं। इसमें २१ प्रकृतियों को जड़ से पूरी तरह नष्ट (क्षय) कर दिया जाता है। क्षपक श्रेणी में कभी मृत्यु नहीं होती और मुनिराज नियम से उसी जन्म में मोक्ष प्राप्त करते हैं। पूरे संसार में केवल १ बार चढ़ी जाती है।

अपूर्वकरण में होने वाले ४ महान् कार्य

  • १. स्थितिकाण्डक घात: पहले से जमा कर्मों की उम्र को काट-काटकर कम करना। उदाहरण: जैसे नारियल के गोले को घिस-घिस कर छोटा किया जाता है।
  • २. अनुभागकाण्डक घात: पाप कर्मों की फल देने की कड़वी ताकत को नष्ट करना। उदाहरण: जैसे मेथी दाने को बार-बार धोकर उसकी कड़वाहट कम की जाती है।
  • ३. गुणश्रेणी निर्जरा: जमा हुए कर्म परमाणुओं का हर समय कई गुना तेज़ी से झड़ना (जैसे २०, ६०, १८०, ५४०... परमाणु झड़ना)।
  • ४. गुणसंक्रमण: पाप कर्मों के परमाणुओं का बदलकर पुण्य कर्मों के रूप में बन जाना।
०९. अनिवृत्तिकरण गुणस्थान प्रधान भाव: औपशमिक / क्षायिक अधिक से अधिक समय: अन्तर्मुहूर्त
सरल परिभाषा अ + निवृत्ति + करण = जहाँ पवित्र परिणामों में आपस में कोई भेद (अंतर) न हो। इस गुणस्थान के किसी एक ही समय में रहने वाले अनेक मुनियों के शरीर छोटे-बड़े हो सकते हैं, पर उनके अंदर के भावों में रत्ती भर भी अंतर नहीं होता; सबके परिणाम बिल्कुल एक जैसे होते हैं।

प्रकृतियों का नाश एवं अनार के रस का उदाहरण

  • उपशम श्रेणी वाले यहाँ २० प्रकृतियों को दबाते हैं, और क्षपक श्रेणी वाले इनका हमेशा के लिए नाश करते हैं।
  • १६ प्रकृतियों का नाश: क्षपक श्रेणी वाले मुनि इसी गुणस्थान में गहरी नींद (स्त्यानगृद्धि आदि) और नामकर्म की १३ अशुभ प्रकृतियों (कुल १६) को नष्ट कर देते हैं।
  • ९ भाग: इसके ९ भाग किए जाते हैं; शुरू के ६ भाग सवेद भाग (स्त्री, पुं, नपुंसक वेद सहित) और आखिरी ३ भाग अवेद भाग (वेद रहित) कहलाते हैं।
  • सूक्ष्म कृष्टि: कषाय के असर को बहुत बारीक किया जाता है। उदाहरण: जैसे अनार के दाने निकालकर फिर उन्हें निचोड़कर बारीक रस निकाला जाता है।
१०. सूक्ष्मसाम्पराय गुणस्थान प्रधान भाव: औपशमिक / क्षायिक अधिक से अधिक समय: अन्तर्मुहूर्त
सरल परिभाषा सूक्ष्म = बहुत ही बारीक, साम्पराय = कषाय। जिस गुणस्थान में केवल संज्वलन लोभ कषाय की बहुत ही बारीक झलक बाकी रहती है, उसे सूक्ष्मसाम्पराय गुणस्थान कहते हैं।
कसूम्भी रंग का उदाहरण जिस प्रकार लाल (कसूम्भी) रंग से रंगे हुए कपड़े को कई बार पानी से धो डालने पर भी उसमें हल्की सी लाली की झलक रह जाती है, वैसे ही यहाँ केवल सूक्ष्म लोभ कषाय की नाममात्र झलक रहती है।

विशेषताएँ

  • कषाय के साथ संसारी जीवों का यह सबसे आखिरी गुणस्थान है। इसके आगे किसी भी कषाय का उदय नहीं रहता।
  • आगे की यात्रा: क्षपक श्रेणी वाले मुनि इस बारीक लोभ को भी नष्ट करके सीधे १२वें (क्षीणमोह) में जाते हैं। उपशम श्रेणी वाले लोभ को दबाकर ११वें (उपशान्तमोह) में जाते हैं।
११. उपशान्तमोह (प्रशान्तमोह) गुणस्थान प्रधान भाव: औपशमिक अधिक से अधिक समय: अन्तर्मुहूर्त
सरल परिभाषा मोहनीय कर्म की सारी प्रकृतियों के पूरी तरह दब जाने (उपशम) से उत्पन्न होने वाली परम शांत वीतराग अवस्था को उपशान्तमोह गुणस्थान कहते हैं।
निर्मली फल व साफ पानी का उदाहरण जिस प्रकार गंदे पानी में निर्मली फल (कतकफल) डाल देने से सारा मैल नीचे तली में बैठ जाता है और ऊपर का पानी शीशे की तरह बिल्कुल साफ दिखने लगता है, वैसे ही यहाँ मोह कर्म नीचे दबा हुआ है और आत्मा ऊपर से पूरी वीतरागी दिखती है।

नीचे गिरने का पक्का नियम व २ कारण

  • इस गुणस्थान से मुनिराज नियम से नीचे गिरते ही हैं, क्योंकि कर्म केवल नीचे बैठे हैं, नष्ट नहीं हुए। यह क्षपक श्रेणी वालों का नहीं होता।
  • गिरने के दो कारण:
    १. समय पूरा होना (कालक्षय): गुणस्थान का अन्तर्मुहूर्त समय पूरा होते ही कषायें फिर ऊपर उठती हैं और मुनिराज उतरकर १०वें, ९वें, ८वें, ७वें आदि में आ जाते हैं।
    २. आयु पूरी होना (भवक्षय): यदि इस गुणस्थान में आयु पूरी हो जाए, तो देह छोड़कर नियम से चौथे गुणस्थान वाले अनुत्तर या स्वर्ग के देव बनते हैं।
१२. क्षीणमोह (क्षीणकषाय) गुणस्थान प्रधान भाव: क्षायिक अधिक से अधिक समय: अन्तर्मुहूर्त
सरल परिभाषा जिसने मोहनीय कर्म को जड़ से हमेशा के लिए नष्ट कर दिया है। काँच (स्फटिक मणि) के साफ बर्तन में रखे निर्मल जल की तरह जिसका मन हमेशा के लिए शुद्ध और वीतराग हो चुका है, ऐसे वीतराग मुनिराज को क्षीणमोह गुणस्थानवर्ती कहते हैं।

विशेषताएँ एवं बाकी घातिया कर्मों का नाश

  • यह अप्रतिपाती गुणस्थान है — अर्थात् यहाँ से कभी पतन (नीचे गिरना) नहीं होता। यहाँ केवल क्षपक श्रेणी वाले मुनि ही १०वें गुणस्थान से आते हैं।
  • बाकी ३ घातिया कर्मों का नाश: इस गुणस्थान के आखिरी समय में ज्ञानावरणीय की ५, दर्शनावरणीय की ४ और अन्तराय की ५ (बाकी बचे सारे घातिया कर्मों) का एक साथ नाश हो जाता है।
  • इस गुणस्थान के अंत में मुनिराज के शरीर से सारे सूक्ष्म निगोदिया जीव पूरी तरह निकल जाते हैं।
  • केवल सबसे मजबूत वज्रवृषभनाराच संहनन (हड्डियों की बनावट) वाले मुनि ही इस गुणस्थान में आकर केवलज्ञान पा सकते हैं।
१३. सयोगकेवली गुणस्थान (अरिहन्त भगवान) प्रधान भाव: क्षायिक अधिक से अधिक: १ पूर्वकोटि में ८ वर्ष व ८ अन्तर्मुहूर्त कम
सरल परिभाषा चारों घातिया कर्मों का नाश हो जाने से जहाँ अनन्तज्ञान, अनन्तदर्शन, अनन्तसुख और अनन्तवीर्य (अनन्त चतुष्टय) प्रगट हो चुके हैं, वे 'केवली' हैं। और जब तक उनके मन-वचन-काय रूप योगों की हलचल मौजूद रहती है, तब तक उन्हें 'सयोगकेवली जिन' (अरिहन्त परमेष्ठी) कहते हैं।

अरिहन्त भगवान की अद्भुत विशेषताएँ

  • केवलज्ञान सूर्य: केवलज्ञान प्रकट होते ही तीनों लोकों की भूत, भविष्य और वर्तमान की सारी बातें दर्पण (शीशे) की तरह एक साथ ज्ञान में साफ झलकने लगती हैं।
  • दर्शन व ज्ञान एक साथ: १ से १२ गुणस्थान तक पहले दर्शन फिर ज्ञान होता है, पर १३वें-१४वें गुणस्थान व सिद्धों में दर्शन और ज्ञान दोनों एक ही साथ (युगपत्) होते हैं।
  • समवसरण व परम औदारिक शरीर: केवली भगवान का शरीर खून, मांस, पसीने, बीमारी व गंदगी से रहित 'परम औदारिक शरीर' बन जाता है। तीर्थङ्कर भगवान जमीन से ५००० धनुष ऊपर आकाश में १२ सभाओं वाले सुंदर समवसरण में विराजमान रहते हैं।
  • केवली समुद्घात: यदि आयु कर्म थोड़ा सा बाकी रह जाए और बाकी तीन अघातिया कर्मों की उम्र ज़्यादा हो, तो चारों कर्मों की उम्र बराबर करने के लिए केवली भगवान दण्ड, कपाट, प्रतर और लोकपूरण रूप ८ समय का समुद्घात करते हैं (आत्मप्रदेशों को पूरे लोक में फैलाकर वापस समेटते हैं)।
१४. अयोगकेवली गुणस्थान (शैलेष्य अवस्था) प्रधान भाव: क्षायिक समय: ५ छोटे अक्षर बोलने जितना (बहुत ही छोटा)
सरल परिभाषा अ + योग + केवली = जहाँ मन, वचन और शरीर तीनों योगों की हलचल पूरी तरह रुक गई है (जैसे सुमेरु पर्वत की तरह अचल शैलेष्य अवस्था)। नए कर्मों के आने के सारे दरवाजे बंद हो चुके हैं और जो सारे कर्मों से मुक्त होकर सिद्ध बनने के बिल्कुल मुहाने पर हैं, वे अयोगकेवली कहलाते हैं।

अयोगकेवली का समय एवं मोक्ष गमन

  • शील के १८,००० भेद: ३ योग × ३ करण × ४ संज्ञा × ५ इन्द्रिय × १० अन्य भेद × १० धर्म = १८,००० भेदों का अखण्ड पालन होता है।
  • कितना समय लगता है?: किसी मुनि द्वारा पाँच छोटे (ह्रस्व) अक्षरों — अ, इ, उ, ऋ, लृ — को सामान्य गति से बोलने में जितना समय लगता है, ठीक उतना ही समय इस १४वें गुणस्थान का होता है।
  • कर्मों का नाश व सिद्धालय गमन: आखिरी से एक समय पहले ७२ प्रकृतियों का नाश होता है, और आखिरी समय में बची हुई १३ प्रकृतियों का नाश हो जाता है। कुल ८५ अघातिया प्रकृतियों को पूरी तरह खत्म कर आत्मा अगले ही समय में सीधी रेखा (ऋजुगति) से ऊपर उठती हुई लोक के सबसे ऊपरी भाग सिद्धालय में पहुँच जाती है।

अध्याय ४: सिद्ध भगवान प्ररूपणा (१४ सीढ़ियों से ऊपर परम दशा)

सरल परिभाषा (गो.जी. ६८) जो आठ प्रकार के द्रव्यकर्म, भावकर्म (राग-द्वेष) और नोकर्म (शरीर आदि) से हमेशा के लिए मुक्त हो चुके हैं, परम शांत, निराकार, नित्य, अचल, आठ अनन्त गुणों से सुशोभित हैं और लोक के सबसे ऊपर सिद्धशिला पर विराजमान हैं, वे सिद्ध भगवान हैं।
  • एक जीव की अपेक्षा सिद्ध अवस्था शुरू तो होती है पर कभी खत्म नहीं होती (सादि-अनन्त), लेकिन सभी जीवों की अपेक्षा सिद्ध अवस्था अनादि से चली आ रही है और अनन्त काल तक रहेगी (अनादि-अनन्त)।
  • सिद्धों में भी प्रतिसमय नया-नया परिणमन होता है (जैसे आधे घंटे तक बिजली का बल्ब जलने पर हर पल नई बिजली आने पर भी एक जैसी रोशनी के कारण फर्क पता नहीं चलता)।

आठ कर्मों के नाश से प्रकट आठ अद्भुत गुण

नष्ट कर्म प्रकृति प्रकट सिद्ध गुण गुण का सरल अर्थ
१. मोहनीय कर्मक्षायिक सम्यक्त्वसदा अटल, निर्विकार, पक्का आत्म-विश्वास। (१. मिथ्यात्व से मुक्ति)
२. ज्ञानावरणीय कर्मकेवलज्ञानपूरे लोकालोक की भूत, भविष्य व वर्तमान की सारी बातें एक साथ जानना। (६. अज्ञान से मुक्ति)
३. दर्शनावरणीय कर्मकेवलदर्शनसभी पदार्थों को एक साथ प्रत्यक्ष देखना/जानना। (२. असंयम से मुक्ति)
४. अन्तराय कर्मअनन्तवीर्यअनन्त आत्मिक ताकत व अखण्ड शक्ति। (३. प्रमाद से मुक्ति)
५. नाम कर्मसूक्ष्मत्व (अमूर्तत्व)इन्द्रियों, रंग, गंध, स्वाद, स्पर्श और शरीर के आकार से रहित। (८. शरीर से मुक्ति)
६. आयु कर्मअवगाहनत्वएक सिद्ध भगवान की जगह में अनन्त सिद्ध भगवान बिना किसी रुकावट के रह सकते हैं। (४. बादर कषाय से मुक्ति)
७. गोत्र कर्मअगुरुलघुत्वन भारी होना, न हल्का होना; अपने सहज रूप में स्थित रहना। (५. सूक्ष्म कषाय से मुक्ति)
८. वेदनीय कर्मअव्याबाध सुखहर तरह की शारीरिक-मानसिक पीड़ा से रहित अनन्त सच्चा सुख। (७. योग से मुक्ति)

सिद्ध लोक, आकार का रहस्य व सुख की तुलना

  • सिद्ध भगवान कहाँ रहते हैं?: अढ़ाई द्वीप (४५ लाख योजन चौड़ा) मनुष्य क्षेत्र के ठीक ऊपर, आठवीं ईषत्प्राग्भार भूमि में स्थित सिद्धशिला के ऊपर, अन्तिम तनुवातवलय के शिखर भाग में सिद्ध भगवान विराजमान हैं। सिद्धालय के आगे चलने में सहायक 'धर्मद्रव्य' नहीं है, इसलिए अनन्त शक्ति वाले सिद्ध भगवान वहीं रुक जाते हैं।
  • सिद्ध भगवान का आकार कैसा है?: सिद्ध भगवान शरीर रहित (अमूर्त) हैं, फिर भी आत्मा के प्रदेशों की अपेक्षा आखिरी मनुष्य शरीर से थोड़ा कम (१/३ भाग कम) मनुष्य जैसा आकार (पुरुषाकार) ही रहता है।
    मोम के साँचे का उदाहरण जैसे मोम पिघलाकर गहने बनाने वाले साँचे से मोम निकल जाने पर भी अंदर वही आकार बना रहता है।
    सबसे बड़ा आकार कुछ कम ५२५ धनुष और सबसे छोटा कुछ कम साढ़े तीन हाथ होता है।
  • आत्मा के प्रदेश पूरे लोक में क्यों नहीं फैलते?: फैलने और सिकुड़ने का कारण नामकर्म था। नामकर्म खत्म हो जाने से सिद्धों के आत्मप्रदेश न फैलते हैं और न सिकुड़ते हैं।
    रोटी का उदाहरण जैसे कच्ची रोटी बेलते समय फैलती-सिकुड़ती है, पर आग पर सिक जाने के बाद पानी सूखने से उसका फैलना-सिकुड़ना बंद हो जाता है।
  • सिद्धों का सुख कितना बड़ा है?: तीनों लोकों के सारे चक्रवर्तियों, देवों के राजा इन्द्रों और स्वर्गों के सारे सुखों को इकट्ठा करके अनन्त से गुणा भी कर दें, तो भी सिद्ध भगवान के एक पल के सुख की बराबरी नहीं हो सकती।

८ प्रकार की मुक्ति एवं ८ अन्य मतों का निराकरण

  • ८ प्रकार की मुक्ति: १. मिथ्यात्व से मुक्ति (सौधर्म इन्द्र आदि देवों को), २. असंयम से मुक्ति (आचार्य, उपाध्याय, साधुओं को), ३. प्रमाद से मुक्ति (छठवें गुणस्थान से ऊपर मुनिराजों को), ४. बादर कषाय से मुक्ति (१०वें, १२वें व ऊपर वालों को), ५. सूक्ष्म कषाय से मुक्ति (१२वें से ऊपर वालों को), ६. अज्ञान से मुक्ति (केवली को), ७. योग से मुक्ति (१४वें व सिद्धों को), ८. शरीर से मुक्ति (सिद्ध भगवान को)।
  • ८ अन्य मतों का निराकरण: सदाशिव (सदा मुक्त मानना), सांख्य (मुक्ति में सुख न मानना), मस्करी (मुक्ति से पुनर्जन्म मानना), बौद्ध (आत्मा का सर्वथा नाश मानना), नैयायिक-वैशेषिक (मुक्ति में ज्ञान आदि गुणों का नाश मानना), ईश्वर-कर्तृत्त्ववादी (मुक्ति के बाद भी सृष्टि बनाना मानना) और मण्डली मत का आगम प्रमाणों से युक्तियुक्त समाधान किया गया है।

अध्याय ५: १४ गुणस्थान आना-जाना एवं समय समीक्षा तालिका

क्र. गुणस्थान कहाँ-कहाँ से आते हैं? कहाँ-कहाँ जा सकते हैं? अधिक से अधिक समय कम से कम समय
१मिथ्यात्व२, ३, ४, ५, ६, ७३ (सादि), ४, ५, ७अनादि-अनन्त / सादि-सान्त (अर्धपुद्गल परावर्तन)अन्तर्मुहूर्त
२सासादन सम्यक्त्व४, ५, ६ (केवल उपशम सम्यक्त्वी)मात्र १ (मिथ्यात्व) में६ आवली१ समय
३सम्यग्मिथ्यात्व (मिश्र)१ (सादि), ४, ५, ६१, ४अन्तर्मुहूर्तअन्तर्मुहूर्त
४अविरत सम्यक्त्व१, ३, ५, ६, ७, ८, ९, १०, १११, २, ३, ५, ७१ समय कम ३३ सागर + ९ अन्तर्मुहूर्त कम १ पूर्वकोटिअन्तर्मुहूर्त
५देशविरत (संयमासंयम)१, ४, ६१, २, ३, ४, ७३ अन्तर्मुहूर्त कम १ पूर्वकोटिअन्तर्मुहूर्त
६प्रमत्तविरतमात्र ७ (उतरते समय)१, २, ३, ४, ५, ७अन्तर्मुहूर्त१ समय (मरण अपेक्षा)
७अप्रमत्तविरत१, ४, ५, ६, ८ (उपशम श्रेणी)६, ८ (मरण होने पर ४)अन्तर्मुहूर्त (६ठे से आधा)१ समय (मरण अपेक्षा)
८अपूर्वकरण७, ९ (उपशम श्रेणी)७, ९ (मरण होने पर ४)अन्तर्मुहूर्त१ समय (उपशम मरण) / अन्तर्मुहूर्त
९अनिवृत्तिकरण८, १० (उपशम श्रेणी)८, १० (मरण होने पर ४)अन्तर्मुहूर्त१ समय (उपशम मरण) / अन्तर्मुहूर्त
१०सूक्ष्मसाम्पराय९, ११ (उपशम श्रेणी)९, ११ (उपशम), १२ (क्षपक)अन्तर्मुहूर्त१ समय (उपशम मरण) / अन्तर्मुहूर्त
११उपशान्तमोहमात्र १० (उपशम श्रेणी)१० (मरण होने पर ४)अन्तर्मुहूर्त१ समय (मरण अपेक्षा)
१२क्षीणमोहमात्र १० (क्षपक श्रेणी)मात्र १३ (सयोगकेवली)अन्तर्मुहूर्तअन्तर्मुहूर्त
१३सयोगकेवलीमात्र १२ (क्षीणमोह)मात्र १४ (अयोगकेवली)१ पूर्वकोटि में ८ वर्ष व ८ अन्तर्मुहूर्त कमअन्तर्मुहूर्त
१४अयोगकेवलीमात्र १३ (सयोगकेवली)गुणस्थानातीत मोक्ष (सिद्ध पद)५ ह्रस्व अक्षर (अ, इ, उ, ऋ, लृ) उच्चारण काल५ ह्रस्व अक्षर उच्चारण काल

अध्याय ६: मज़ेदार ज्ञान परीक्षा — ५० अभ्यास प्रश्न (क्विज़)

बच्चों! ऊपर पढ़े गए सभी अध्यायों और शिविर के १२ दिनों के पाठों पर आधारित ये ५० चुनिंदा प्रश्न हैं। सही विकल्प पर क्लिक करें और अपना स्कोर जाँचें!

तुम्हारा स्कोर: 0 / 50

॥ जिनवाणी माता की जय • सर्वज्ञ वीतराग शासन जयवन्त हो ॥

आगम आधार: गोम्मटसार (जीवकाण्ड/कर्मकाण्ड), धवला टीका, तत्त्वार्थसूत्र, त्रिलोकसार, जिनसरस्वती एवं जैनामृत गुणस्थान शिविर (सानिध्य: आचार्य गुरुदेव श्री भारत भूषण जी मुनिराज)

Share:

Related Articles

जैनामृत गुणस्थान शिविर Day-13 रामपुर मनिहारन, (सहा...
20 Nov 2026
जैनामृत गुणस्थान शिविर Day-12 रामपुर मनिहारन, (सहा...
19 Nov 2026
karma-2
19 Nov 2026