॥ १४ गुणस्थान, ६ द्रव्य एवं सिद्ध प्ररूपणा ॥
आगम ग्रन्थों (गोम्मटसार, धवला, तत्त्वार्थसूत्र, त्रिलोकसार) के आधार पर शाश्वत तत्त्वज्ञान का समग्र व प्रामाणिक विश्लेषण
अध्याय १: गुरुदेव! मै कहाँ हूँ? बेटा! तुम लोक के अंदर हो
१. लोक किसे कहते है?
- ऊर्ध्वलोक: मध्यलोक के ऊपर स्थित भाग, जहाँ सौधर्म से अच्युत तक १६ स्वर्ग, ९ ग्रैवेयक, ९ अनुदिश, ५ अनुत्तर विमान और सिद्धशिला स्थित है।
- मध्यलोक: जहाँ असंख्यात द्वीप और समुद्र वलय के आकार में स्थित हैं। यहाँ मनुष्य और तिर्यञ्च जीवों का निवास होता है।
- अधोलोक: मध्यलोक के नीचे सात नरक भूमियाँ अवस्थित हैं, जहाँ नारकी जीव अपने अशुभ कर्मों का संक्लेशमय फल भोगते हैं।
१४ राजु प्रमाण तीन लोक
२. द्रव्य, गुण और पर्याय
आचार्य उमास्वामी ने तत्त्वार्थसूत्र में द्रव्य का शाश्वत लक्षण दिया है: 'गुणपर्ययवद् द्रव्यम्।' जो गुणों और पर्यायों से युक्त हो, उसे द्रव्य कहते हैं।
- द्रव्य: जो शाश्वत, ध्रुव और अविनाशी है, जो पहले भी था, आज भी है और आगे भी रहेगा।
- गुण: जो द्रव्य की हर अवस्था में सदा साथ रहे, वह गुण है। जैसे जीव में ज्ञान-दर्शन चेतना और पुद्गल में स्पर्श, रस, गंध, वर्ण।
- पर्याय: द्रव्य और गुणों की निरंतर बदलने वाली अवस्था को पर्याय कहते हैं। जैसे सुवर्ण से कंगन बनना या जीव का मनुष्य रूप होना।
३. छह द्रव्यों का शास्त्रीय एवं वैज्ञानिक विवेचन
- १. जीव द्रव्य: जिसमें दर्शन, ज्ञान रूप चेतना पाई जाती है, जो जीता था, जी रहा है और सदैव रहेगा। इसके दो भेद हैं—मुक्त जीव (सिद्ध परमात्मा) और संसारी जीव (चारों गतियों में भ्रमण करने वाले)। उपकार: परस्परोपग्रहो जीवानाम् (जीव परस्पर एक-दूसरे के सहायक बनते हैं)।
- २. पुद्गल द्रव्य: जिसमें स्पर्श, रस, गंध और वर्ण पाए जाते हैं। मिलना और बिछुड़ना (पूरण-गलन) इसका स्वभाव है। इसके भेद अणु (अविभाज्य) और स्कन्ध (समूह) हैं। शरीर, मन, वचन, श्वास, सुख, दुःख पुद्गल के उपकार हैं।
- ३. धर्म द्रव्य: गतिशील जीव और पुद्गल को चलने में जल की तरह उदासीन सहायक कारण बनना।
- ४. अधर्म द्रव्य: रुकने वाले जीव और पुद्गल को छायादार वृक्ष की तरह ठहरने में सहायक होना। (धर्म और अधर्म किसी को जबरन चलाते या रोकते नहीं हैं)।
- ५. आकाश द्रव्य: सभी द्रव्यों को स्थान (अवकाश) देना इसका कार्य है। लोकाकाश में छहों द्रव्य रहते हैं और अलोकाकाश अनंत है।
- ६. काल द्रव्य: जो द्रव्यों के नए से पुराने होने और अवस्था परिवर्तन में कील (वर्तना) की तरह सहायक होता है।
| द्रव्य | संख्या | प्रदेश | अस्तिकाय | रूप |
|---|---|---|---|---|
| जीव | अनन्तानन्त | असंख्यात प्रदेशी | अस्तिकाय | अमूर्तिक |
| पुद्गल | अनन्तानन्त | संख्यात, असंख्यात, अनन्त | अस्तिकाय | मूर्तिक |
| धर्म | एक | असंख्यात प्रदेशी | अस्तिकाय | अमूर्तिक |
| अधर्म | एक | असंख्यात प्रदेशी | अस्तिकाय | अमूर्तिक |
| आकाश | एक | अनन्त प्रदेशी | अस्तिकाय | अमूर्तिक |
| काल | असंख्यात | एक प्रदेशी | अनस्तिकाय (अस्तित्व है पर काय नहीं) | अमूर्तिक |
४. जीव और अजीव (पुद्गल) के संयोग से आस्रव आदि होते है
संसार में जीव और कर्म के संबंध से आस्रव, बंध, संवर, निर्जरा एवं मोक्ष की प्रक्रिया घटित होती है:
- १. आस्रव तत्त्व (Inflow): मन, वचन, काय की क्रिया और राग-द्वेष के कारण कर्म पुद्गल का आत्मा की ओर आना।
दृष्टान्त जैसे समुद्र में चलती हुई नाव में पानी आने के लिए खुला हुआ छिद्र होना। - २. बंध तत्त्व (Bondage): आत्मा के प्रदेशों के साथ आए हुए कर्मों का दूध और पानी की तरह संश्लेष (एकमेक) हो जाना।
दृष्टान्त जैसे नाव में पानी भरकर उसका भारी हो जाना। - ३. संवर तत्त्व (Stoppage): संयम, गुप्ति, समिति और सम्यक् आचरण से नए कर्मों का आना रोक देना।
दृष्टान्त जैसे नाव के छिद्र को डाट या कपड़े से बंद कर देना ताकि नया पानी न आ सके। - ४. निर्जरा तत्त्व (Shedding): तप और ध्यान के द्वारा आत्मा से पूर्व में बंधे हुए कर्मों को एकदेश रूप से पृथक् करना (झाड़ना)।
दृष्टान्त जैसे नाव में भरे पानी को उलीच कर बाहर फेंकना। - ५. मोक्ष तत्त्व (Liberation): आत्मा से समस्त कर्म-मल का सर्वथा आत्यंतिक नाश हो जाना और सिद्धशिला पर अनंत काल के लिए प्रतिष्ठित हो जाना।
दृष्टान्त जैसे नाव का सकुशल किनारे पहुँच जाना।
अध्याय २: गुणस्थान का आधार, देव-शास्त्र-गुरु विवेक, मोहनीय कर्म व योग
१. गुणस्थान का शाब्दिक अर्थ व आगम परिभाषा
- परिणामों का उतार-चढ़ाव: दृष्टान्त जैसे किसी व्यक्ति के शरीर का तापमान कभी बढ़ता है और कभी कम होता है। अथवा जैसे बाजार में सोने और चाँदी के भाव कभी ऊपर जाते हैं और कभी नीचे आते हैं। इसी प्रकार आत्मा के परिणामों में भी उतार-चढ़ाव होता है।
- गुणस्थान किनके होते हैं?: यह व्यवस्था नियम से संसारी जीवों के लिए ही है। संसार में ऐसा कोई जीव नहीं जो १४ में से किसी गुणस्थान में न हो। संसारी अवस्था से पार हो चुके सिद्ध परमेष्ठी गुणस्थानातीत (गुणस्थान-रहित) होते हैं, क्योंकि उनमें मोह और योग का सर्वथा अभाव हो चुका है।
२. सम्यक और मिथ्या देव, गुरु तथा शास्त्र
सम्यक का अर्थ है यथार्थ या वास्तविक। दृष्टि का अर्थ है अभिप्राय या नजरिया। जिसका अभिप्राय यथार्थ हो वह सम्यकदृष्टि है (जैसे दूध को अच्छा मानना)। जिसका अभिप्राय यथार्थ न हो वह मिथ्यादृष्टि है (जैसे शराब या जहर को अच्छा मानना)। आत्मकल्याण के मार्ग में सच्चे देव-शास्त्र-गुरु अमृत के समान हितकारी हैं, और मिथ्या देव-शास्त्र-गुरु विष के समान अहितकारी हैं:
| तत्त्व | सच्चा स्वरूप (उपादेय — अमृत के समान हितकारी) | मिथ्या रूप (हेय / त्याज्य — विष के समान अहितकारी) |
|---|---|---|
| देव | सच्चे देव: वीतरागी, सर्वज्ञ एवं हितोपदेशी जिनेन्द्र भगवान, जो राग-द्वेष से सर्वथा रहित हैं। | कुदेव: राग, द्वेष, काम, क्रोध एवं अस्त्र-शस्त्र धारण करने वाले रागी-द्वेषी देवी-देवता। |
| गुरु | सच्चे गुरु: अंतरंग-बहिरंग परिग्रह का त्याग कर संयम के मार्ग पर चलने वाले, २८ मूलगुणों के धारक नग्न दिगम्बर निर्ग्रन्थ मुनिराज। | कुगुरु: बाह्य कुवेश-भूषा, आडंबर, मायाचार युक्त; जो कपड़े धारी हैं, मुँहपट्टी लगाते हैं, डंडे में पिच्छी रखते हैं या अस्त्र-शस्त्र रखते हैं। |
| शास्त्र | सच्चे शास्त्र: जिनेन्द्र भगवान के उपदेशों पर आधारित वीतराग वाणी, जो हित और मोक्षमार्ग का बोध कराती है। | कुशास्त्र: वीतराग मार्ग के प्रतिकूल, हिंसा, राग-द्वेष और मिथ्या मान्यताओं का प्रतिपादन करने वाले ग्रन्थ। |
३. मोहनीय कर्म (२८ प्रकृतियाँ) — गुणस्थान का प्रथम प्रमुख निमित्त
जो कर्म जीव के सम्यक्त्व और चारित्र को भ्रमित व आच्छादित करता है, उसे मोहनीय कर्म कहते हैं। इसकी कुल २८ प्रकृतियाँ हैं, जिन्हें दो मुख्य भेदों में बाँटा गया है:
A. दर्शन मोहनीय कर्म (३ प्रकृतियाँ — सम्यग्दर्शन में बाधक)
यह जीव के श्रद्धान गुण का घात करता है। इसकी ३ प्रकृतियाँ हैं:
- १. मिथ्यात्व प्रकृति: इसके उदय में जीव को सच्चे देव-शास्त्र-गुरु और सात तत्वों पर श्रद्धान नहीं होता। जीव अज्ञानतावश विपरीत को सत्य मानता है।
- २. सम्यग्मिथ्यात्व (मिश्र) प्रकृति: इसके उदय में जीव के भाव न पूर्णतः सम्यक् होते हैं न पूर्णतः मिथ्या, अपितु दोनों का मिश्रित रूप (जैसे गुड़ और दही का मिश्रित स्वाद) रहता है।
- ३. सम्यक्त्व (वेदक) प्रकृति एवं ३ दोष: यह क्षयोपशम सम्यग्दृष्टि जीव के उदय में रहती है (उदय काल अंतर्मुहूर्त)। यह सम्यक्त्व का घात तो नहीं करती, पर श्रद्धान में चल, मल, अगाढ़ ३ दोष उत्पन्न करती है:
- चल दोष: श्रद्धान में चंचलता आना या अपने-पराए का भेद करना। दृष्टान्त: सभी तीर्थंकर समान वीतरागी हैं, यह जानते हुए भी "यह मंदिर हमारा है, वह मंदिर उनका" या "अमुक तीर्थंकर ही हमारे भगवान हैं" ऐसा भाव रखना।
- मल दोष: निर्मल भावों में शंका, कांक्षा, विचिकित्सा आदि सूक्ष्म अतिचारों का लगना। दृष्टान्त: जैसे शुद्ध सोने में बाहरी धूल या धातु मिलने से उसकी चमक फीकी पड़ जाती है।
- अगाढ़ दोष: सच्चा विश्वास होने पर भी गहराई/मजबूती (प्रगाढ़ता) की कमी। दृष्टान्त: किसी चमत्कारिक क्षेत्र की प्रतिमा को अधिक शक्तिशाली और सामान्य प्रतिमा को कम समझना।
B. चारित्र मोहनीय कर्म (२५ प्रकृतियाँ — सम्यक् चारित्र में बाधक)
यह जीव के चारित्र को मलिन कर राग-द्वेष उत्पन्न करता है। इसके १६ कषाय और ९ नोकषाय हैं:
- १६ कषाय वेदनीय (४ कषाय × ४ श्रेणियाँ) व उनके दृष्टान्त:
- अनन्तानुबन्धी (क्रोध, मान, माया, लोभ): यह सम्यग्दर्शन और चारित्र दोनों का घात करती है। दृष्टान्त पत्थर पर छैनी से खींची गई गहरी रेखा (अत्यंत कठिनता से मिटने वाली)।
- अप्रत्याख्यानावरण (क्रोध, मान, माया, लोभ): यह सम्यग्दर्शन तो होने देती है, परंतु श्रावक के देशव्रत (अणुव्रत) ग्रहण नहीं करने देती। दृष्टान्त दीवार पर खींची गई रेखा (महीने-दो महीने में मिटने वाली)।
- प्रत्याख्यानावरण (क्रोध, मान, माया, लोभ): यह देशव्रत तो होने देती है, लेकिन नग्न दिगंबर महाव्रती मुनिराज (सकल संयम) नहीं बनने देती। दृष्टान्त धूल में खींची गई रेखा (हवा चलते ही तुरंत मिटने वाली)।
- संज्वलन (क्रोध, मान, माया, लोभ): यह महाव्रत तो होने देती है, पर आत्मा में पूर्ण लीन (यथाख्यात चारित्र धारी) नहीं होने देती। दृष्टान्त पानी पर खींची गई रेखा (खींचते ही साथ-साथ मिटने वाली)।
- अनन्तानुबन्धी (क्रोध, मान, माया, लोभ): यह सम्यग्दर्शन और चारित्र दोनों का घात करती है।
- ९ नोकषाय वेदनीय (किंचित् कषाय): जो कषायों को उद्दीप्त करने में सहायक हैं। १. हास्य (उपहास), २. रति (स्नेह/राग), ३. अरति (द्वेष/अरुचि), ४. शोक (इष्ट वियोग का दुःख), ५. भय (डर), ६. जुगुप्सा (घृणा/ग्लानि), ७. स्त्रीवेद, ८. पुरुषवेद, ९. नपुंसकवेद।
४. योग एवं जैन दर्शन में 'मन' का सूक्ष्म स्वरूप — गुणस्थान का द्वितीय निमित्त
- योग की परिभाषा: मन, वचन और काय के परिस्पंदन अर्थात् चंचलता या प्रवृत्ति को योग कहते हैं। इसके तीन भेद हैं: मनोयोग (मन से विचार करना), वचनयोग (वचन/बोलने की गतिविधि), और काययोग (शरीर को हिलाना-डुलाना)।
- मन का जैन स्वरूप (अत्यंत महत्त्वपूर्ण): सामान्य बोलचाल में हम मन को अंग्रेजी के शब्द Mind अथवा मस्तिष्क से जोड़कर समझ लेते हैं, लेकिन जैन दर्शन में मन का सिद्धांत अलग है। मन मस्तिष्क नहीं है; अपितु मन बहुत ही सूक्ष्म, अष्टदल कमलाकार (कमल के आकार का) और हृदय के निकट स्थित है, जिसके द्वारा जीव अपने हित-अहित के बारे में विचार कर पाता है।
अध्याय ३: १४ गुणस्थानों का सम्पूर्ण आगम विवेचन
(गोम्मटसार जीवकाण्ड, धवला, तत्त्वार्थवार्तिक एवं शिविर में वर्णित १ से १४ गुणस्थानों का एक-एक सूक्ष्म नियम)
पाँच प्रकार के मिथ्यात्व (त.वा. ८/१/२८)
- १. एकान्त मिथ्यात्व: धर्म और धर्मी के विषय में "यह वस्तु ऐसी ही है, सर्वथा इसी प्रकार है" ऐसा हठ रखना। वस्तु के केवल एक अंश को पूरी वस्तु मान लेना। (जैसे—वस्तु को सर्वथा नित्य ही मानना अथवा सर्वथा अनित्य ही मानना — बौद्धादि मत)।
- २. विपरीत मिथ्यात्व: धर्म-धर्मी के विषय में बिल्कुल उल्टा श्रद्धान करना। (जैसे—परिग्रहधारी को सच्चा मुनि मानना, सर्वज्ञ केवली को कवलाहारी मानना, हिंसायुक्त यज्ञों से धर्म मानना, स्त्री को उसी भव से मुक्ति मानना — याज्ञिक ब्राह्मण मत)।
- ३. संशय मिथ्यात्व: सच्चे देव-शास्त्र-गुरु और सात तत्त्वों के विषय में संशय व दुविधा रखना कि मोक्षमार्ग है या नहीं? (श्वेताम्बर इन्द्र गुरु दृष्टान्त)।
- ४. वैनयिक मिथ्यात्व: बिना किसी परीक्षा व विवेक के सभी देवताओं, सभी मतों, पाखण्डियों में समान विनय और समभाव रखना कि "सब धर्म बराबर हैं" (तापसी मत)।
- ५. आज्ञानिक मिथ्यात्व: हित-अहित तथा हेयोपादेय की परीक्षा के विवेक से सर्वथा शून्य होना (मस्करी मत)।
मिथ्यादृष्टि जीवों के १५ सूक्ष्म भेद
- १. अनादि मिथ्यादृष्टि: जिसे आज तक कभी सम्यग्दर्शन प्राप्त नहीं हुआ।
- २. अनादि-अनन्त मिथ्यादृष्टि: जिसे न कभी सम्यक्त्व हुआ है और न अनन्त काल में कभी होगा (अभव्य एवं अभव्य-सम भव्य)।
- ३. अनादि-सान्त मिथ्यादृष्टि: जिसे आज तक सम्यक्त्व नहीं हुआ, किन्तु भविष्य में नियम से प्राप्त कर संसार का अन्त करेगा (भव्य)।
- ४. सादि-सान्त मिथ्यादृष्टि: जिसने पूर्व में सम्यक्त्व प्राप्त किया था, किन्तु पुनः गिरकर मिथ्यात्व में आ गया।
- ५. अगृहीत मिथ्यादृष्टि: बिना किसी बाह्य उपदेश के, अनादि से शरीर और आत्मा को एक मानने रूप नैसर्गिक मिथ्यात्व।
- ६. गृहीत मिथ्यादृष्टि: कुगुरु-कुदेव के उपदेश से नवीन ग्रहण किया गया विपरीत श्रद्धान।
- ७. सातिशय मिथ्यादृष्टि: जो प्रथमोपशम सम्यग्दर्शन प्राप्त करने के ठीक अभिमुख (सन्मुख) हो चुका है।
- ८. घातायुष्क मिथ्यादृष्टि: जिसने संयम काल में १२वें स्वर्ग से ऊपर की आयु बांधी, पश्चात् संक्लेश से संयम-सम्यक्त्व की विराधना कर आयु घटाकर नीचे के स्वर्गों में उत्पन्न होने वाला हुआ।
- ९. लब्धोनलब्धिक मिथ्यादृष्टि: जिसने क्षयोपशम आदि लब्धि कर पाँचवीं करणलब्धि में प्रवेश किया है।
- १०. वेदक सम्यक्त्व प्राप्त योग्य मिथ्यादृष्टि: वह सादि मिथ्यादृष्टि जिसकी सत्ता में सम्यक्त्व प्रकृति विद्यमान है।
- ११. २८ मोहनीय प्रकृति की सत्ता वाला: प्रथमोपशम के समय मिथ्यात्व के ३ टुकड़े होने के बाद जो मिथ्यात्व में लौटा।
- १२. २७ मोहनीय प्रकृति की सत्ता वाला: २८ प्रकृति वाला जीव जब सम्यक्प्रकृति की उद्वेलना कर देता है।
- १३. २६ मोहनीय प्रकृति की सत्ता वाला: जब सम्यग्मिथ्यात्व की भी उद्वेलना कर केवल मिथ्यात्व शेष रखता है (अनादि मिथ्यादृष्टि भी इसी सत्ता वाला होता है)।
- १४. तीर्थङ्कर प्रकृति की सत्ता वाला: नरक आयु बांधकर सम्यक्त्व सहित तीर्थङ्कर प्रकृति बांधी, मरण से अन्तर्मुहूर्त पूर्व मिथ्यात्व में आकर २रे/३रे नरक में गया।
- १५. अनन्तानुबन्धी कषाय रहित मिथ्यादृष्टि: जिसने अनन्तानुबन्धी की विसंयोजना कर दी थी और पुनः मिथ्यात्व में आने पर १ आवली तक अनन्तानुबन्धी के उदय बिना रहा।
अन्य अपेक्षा से ३ भेद (भव्य, अभव्य, दूरानुदूर भव्य)
- १. अभव्य: जिनमें सम्यक्त्व प्रकट होने की योग्यता ही नहीं है।
- २. भव्य: जिनमें योग्यता है।
- ३. अभव्य-सम भव्य (दूरानुदूर भव्य): जिनमें शक्ति रूप से तो संसार विनाश की योग्यता है, किन्तु निमित्त न मिलने से व्यक्ति नहीं होगी और मुक्ति नहीं होगी।
प्रश्न एवं दृष्टान्त प्रश्न: जो सिद्ध नहीं होगा उसे अभव्य क्यों नहीं कहते? उत्तर: जैसे स्वर्ण-पाषाण जो कभी सोना नहीं बनेगा उसे अन्ध-पाषाण नहीं कह सकते क्योंकि उसमें स्वर्णत्व की शक्ति है; जैसे वाहन में १८० किमी/घंटा की रफ्तार लिखी है, कोई चलाए या न चलाए वह शक्ति है; या माचिस की पेटी के रोगन में अग्नि की शक्ति है भले तीली का घर्षण न मिले। नियम: भव्य कभी अभव्य नहीं हो सकते और न अभव्य कभी भव्य हो सकते हैं।
नियम एवं व्याप्ति
इस गुणस्थान में अनन्तानन्त जीव हैं। मिथ्यादृष्टि संज्ञी पंचेन्द्रिय चारों गतियों में जन्म ले सकते हैं। मिथ्यादृष्टि मुनि (द्रव्यलिंगी) नवग्रैवेयक स्वर्ग तक जन्म ले सकते हैं। ८५० म्लेच्छ खण्ड के जीव, २री से ७वीं पृथ्वी के नारकी निर्वृत्यपर्याप्तक अवस्था में, एकेन्द्रिय से असंज्ञी पंचेन्द्रिय तक, भवनत्रिक में जन्म के अन्तर्मुहूर्त तक देव-देवियाँ, लब्ध्यपर्याप्तक मनुष्य और अभव्य जीव नियम से प्रथम गुणस्थान में ही रहते हैं।
१. राष्ट्रपति-प्रधानमन्त्री दृष्टान्त: राष्ट्रपति (मिथ्यात्व) का चुनाव ५ वर्ष (अन्तर्मुहूर्त) के लिए है, वह तभी नीचे आएगा। किन्तु प्रधानमन्त्री (अनन्तानुबन्धी) पहले भी नीचे आ सकता है। इसी बीच सासादन बनता है।
२. रत्नपर्वत/वृक्ष दृष्टान्त: जैसे कोई फल वृक्ष रूपी सम्यक्त्व से गिर चुका हो, किन्तु अभी नीचे मिथ्यात्व रूपी धरती पर नहीं पहुँचा हो; बीच में अधर में लटकने की पतनोन्मुख अवस्था सासादन है।
३. खीर वमन दृष्टान्त: जैसे किसी ने खीर खाकर वमन कर दी हो, फिर भी जीभ पर किंचित् अव्यक्त स्वाद रह जाता है, वैसे ही छूटे हुए सम्यक्त्व का किंचित् संस्कार यहाँ रहता है।
सासादन गुणस्थान के सूक्ष्म रहस्य
- नियम से पतन: इस गुणस्थान का काल समाप्त होने पर जीव नियम से प्रथम (मिथ्यात्व) गुणस्थान में ही जाता है। यहाँ से कभी कोई जीव ऊपर नहीं चढ़ सकता। पहले से सीधे दूसरे में आना सर्वथा असम्भव है।
- पारिणामिक भाव क्यों?: क्योंकि यहाँ मिथ्यात्व का उदय नहीं (औदयिक नहीं), उपशम-क्षय-क्षयोपशम नहीं। दर्शनमोह की अपेक्षा यह कर्मनिरपेक्ष होने से पारिणामिक भाव कहलाता है।
- अनन्तानुबन्धी की द्विस्वभावता (दादाजी और पोते का दृष्टान्त): अनन्तानुबन्धी चारित्रमोह की प्रकृति होकर भी सम्यक्त्व का घात करती है। दृष्टान्त: एक दादाजी के ३ पोते। दादाजी मैदान में बैठे हैं (अनन्तानुबन्धी), ३ पोते (अप्रत्याख्यानावरण, प्रत्याख्यानावरण, संज्वलन) खेल रहे हैं। बड़े लड़कों का दादाजी के डर से न आना ही सम्यग्दर्शन का घात है।
- मरण करने वाला जीव कभी नरक गति में उत्पन्न नहीं होता। यह गुणस्थान वाला नियम से भव्य होता है। यह सान्तर मार्गणा है (कभी ऐसा समय आ सकता है जब तीन लोक में एक भी जीव इस गुणस्थान में न हो)।
१. दही-गुड़ / खिचड़ी दृष्टान्त: जैसे दही और गुड़ को एक साथ मिला देने पर जो खट्टा-मीठा मिश्रित स्वाद उत्पन्न होता है, या दाल-चावल की खिचड़ी का स्वाद।
२. कुलवधू दृष्टान्त: जैसे बालिका का विवाह होने पर ससुराल जाने के बाद भी मायके (पीहर) का राग नहीं छूटता।
३. शत्रुता-मित्रता दृष्टान्त: जैसे एक ही पुरुष के हृदय में किसी के प्रति मित्रता और किसी के प्रति शत्रुता दोनों भाव एक साथ सम्भव हैं।
मिश्र गुणस्थान के ४ स्वर्णिम प्रतिबन्ध (नियम)
१. मरण नहीं होता: इस गुणस्थान में कभी किसी जीव की मृत्यु नहीं होती। मरण करने से पूर्व जीव नियम से सम्यक्त्व (४थे) या मिथ्यात्व (१ले) में जाता है।
२. मारणान्तिक समुद्घात नहीं होता।
३. आयु बन्ध नहीं होता: इस गुणस्थान में जीव कभी नवीन आयु कर्म का बन्ध नहीं कर सकता।
४. संयम ग्रहण नहीं होता: इस गुणस्थान वाला जीव न देशसंयम ले सकता है और न सकल संयम।
- अनादि मिथ्यादृष्टि का प्रवेश निषेध: अनादि मिथ्यादृष्टि कभी तीसरे गुणस्थान में नहीं आ सकता, क्योंकि उसके पास सम्यग्मिथ्यात्व प्रकृति की सत्ता ही नहीं होती। केवल सादि मिथ्यादृष्टि ही यहाँ आ सकता है।
- यहाँ से चौथे में जाने वाला जीव प्रथमोपशम सम्यक्त्व प्राप्त नहीं कर सकता, वह केवल क्षयोपशम सम्यक्त्व ही प्राप्त करता है।
सम्यग्दर्शन के तीन प्रमुख भेद
- १. औपशमिक सम्यक्त्व: दर्शनमोहनीय की १, २ या ३ और अनन्तानुबन्धी ४ (कुल ५, ६ या ७) प्रकृतियों के प्रशस्त उपशम से होता है। उत्कृष्ट काल अन्तर्मुहूर्त है। अनादि मिथ्यादृष्टि सर्वप्रथम यही सम्यक्त्व प्राप्त करता है।
- २. क्षायोपशमिक (वेदक) सम्यक्त्व: सम्यक्त्व प्रकृति के उदय से सहित होता है। इसमें चल, मलिन और अगाढ़ तीन दोष लगते हैं। उत्कृष्ट काल ६६ सागर है।
- ३. क्षायिक सम्यक्त्व: अनन्तानुबन्धी ४ की विसंयोजना करके दर्शनमोह की तीनों प्रकृतियों का सर्वथा क्षय करने पर प्रकट होता है। यह सादि-अनन्त काल तक स्थिर रहता है। उत्कृष्ट काल ३३ सागर + कुछ कम १ पूर्वकोटि है।
सम्यग्दृष्टि के ४ लक्षण एवं ४ भावनाएँ
- ४ लक्षण: १. प्रशम (तीव्र कषायों का अभाव/मन्दता), २. संवेग (संसार से भय व मोक्ष की अभिलाषा), ३. अनुकम्पा (प्राणीमात्र पर दया, भोजन-औषधि दान), ४. आस्तिक्य (जीवादि तत्त्व पर दृढ़ आस्था)।
- ४ भावनाएँ: १. मैत्री (सब जीवों से मित्रता), २. प्रमोद (गुणीजनों को देखकर हर्ष), ३. कारुण्य (दीन-दुखियों पर करुणा), ४. माध्यस्थ (विपरीत प्रवृत्ति वालों पर मध्यस्थ भाव)।
विशेषताएँ एवं जन्म समय नियम
- चतुर्थ गुणस्थानवर्ती जीव को अध्यात्म में 'जघन्य अन्तरात्मा' की संज्ञा प्राप्त होती है।
- सम्यग्दर्शन प्राप्त होते ही जीव का संसार अधिकतम कुछ कम 'अर्द्धपुद्गल परावर्तन' ही शेष रह जाता है।
- मरण नियम: चतुर्थ गुणस्थानवर्ती मनुष्य व तिर्यञ्च मरण करके नियम से वैमानिक देव ही बनते हैं (नरक या तिर्यञ्च नहीं जाते)।
- जन्म के कितने समय बाद सम्यग्दर्शन सम्भव है?: कर्मभूमि गर्भज मनुष्य—८ वर्ष अन्तर्मुहूर्त बाद; सम्मूर्च्छन तिर्यञ्च—३ अन्तर्मुहूर्त बाद; गर्भज तिर्यञ्च—गर्भकाल के बाद; उत्तम भोगभूमि—२१ दिन बाद; मध्यम—३५ दिन; जघन्य—४९ दिन बाद; देव/नारकी—३ अन्तर्मुहूर्त बाद।
- तीर्थङ्कर प्रकृति का बन्ध कर्मभूमि का मनुष्य प्रारम्भ कर सकता है। १६वें स्वर्ग से ऊपर नव अनुदिश व पाँच अनुत्तर विमानों में केवल यही गुणस्थान होता है।
श्रावक की ११ प्रतिमाएँ एवं विशेषताएँ
- ११ प्रतिमाएँ: १. दर्शन, २. व्रत (१२ व्रत), ३. सामायिक, ४. प्रोषधोपवास, ५. सचित्त त्याग, ६. रात्रिभुक्ति त्याग (दिवामैथुन त्याग), ७. ब्रह्मचर्य, ८. आरम्भ त्याग, ९. परिग्रह त्याग, १०. अनुमति त्याग, ११. उद्दिष्ट त्याग (क्षुल्लक व ऐलक)।
- पात्रता: यह गुणस्थान केवल कर्मभूमि के मनुष्यों (८ वर्ष अन्तर्मुहूर्त बाद) एवं संज्ञी पंचेन्द्रिय तिर्यञ्चों को ही हो सकता है। भोगभूमि के मनुष्यों-तिर्यञ्चों, देवों और नारकियों को कभी नहीं होता। द्रव्य नपुंसक वेद वाले भी इसे धारण कर सकते हैं।
- नियम: क्षायिक सम्यग्दृष्टि तिर्यञ्च इस गुणस्थान को प्राप्त नहीं कर सकते क्योंकि वे भोगभूमि में पाए जाते हैं जहाँ गुणस्थान १ से ४ तक ही होते हैं।
- मरण करने वाले मनुष्य और तिर्यञ्च नियम से वैमानिक देवों में ही उत्पन्न होते हैं। आगामी नरक/तिर्यञ्च/मनुष्य आयु बांधने वाला इसे प्राप्त नहीं कर सकता।
१५ प्रमाद एवं ८० प्रमाद भंग का गणित
- १५ प्रमाद:
१. ४ विकथा: स्त्रीकथा, भक्तकथा, राष्ट्रकथा, अवनिपालकथा (संयम विरोधी चर्चा)।
२. ४ कषाय: क्रोध, मान, माया, लोभ।
३. ५ इन्द्रिय: स्पर्शन, रसना, घ्राण, चक्षु, श्रोत्र (विषयों में चंचलता)।
४. १ निद्रा व १ स्नेह: तन्द्रा व शरीर/उपकरणों में ममत्व। - ८० भंग (गणित निरूपण): ४ विकथा × ४ कषाय × ५ इन्द्रिय × १ निद्रा × १ स्नेह = ८० प्रमाद भंग। प्रथम प्रस्तार गूढ़ यंत्र में इन्द्रिय १-५, कषाय ०-१५, विकथा ०-६०। द्वितीय प्रस्तार में विकथा १-४, कषाय ०-१२, इन्द्रिय ०-६४।
शताब्दी एक्सप्रेस दृष्टान्त एवं विशेषताएँ
- दृष्टान्त यह गुणस्थान चढ़ते समय नहीं बनता, उतरते समय बनता है। मुनि दीक्षा लेते समय जीव पहले सीधे सातवें (अप्रमत्त) गुणस्थान में जाता है, फिर सातवें से गिरकर छठवें में आता है। जैसे दिल्ली से चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस विदिशा नहीं रुकती, यात्री पहले भोपाल जाता है फिर वापस विदिशा आता है।
- ऋद्धियों का प्रयोग, मनःपर्ययज्ञान का प्रारम्भ, आहारक शरीर की प्राप्ति इसी गुणस्थान में सम्भव है।
- शुद्ध मनुष्य संज्ञा: छठवें गुणस्थान से ऊपर केवल मनुष्य गति ही होती है (देव, नारकी, तिर्यञ्च नहीं)। (तेण परं सुद्ध मणुस्स - षट्खण्डागम १/३२)
- संयम और विरति में अन्तर: समितियों के साथ महाव्रत/अणुव्रत 'संयम' कहलाते हैं और समितियों के बिना 'विरति'।
२ भेद एवं अधःप्रवृत्तकरण के ४ महान् कार्य
- १. स्वस्थान अप्रमत्त: जहाँ मुनिराज अन्तर्मुहूर्त-अन्तर्मुहूर्त में छठवें और सातवें गुणस्थान के मध्य झूलते रहते हैं (हजारों बार परिवर्तन करते हैं)।
- २. सातिशय अप्रमत्त: जब मुनिराज उपशम या क्षपक श्रेणी चढ़ने के सन्मुख होकर अधःप्रवृत्तकरण नामक प्रथम करण परिणाम प्रारम्भ करते हैं। यहाँ से वे नियम से ८वें गुणस्थान में प्रवेश करते हैं।
- अधःप्रवृत्तकरण के ४ कार्य:
१. प्रतिसमय अनन्तगुणी विशुद्धि: परिणामों में प्रतिसमय अनन्तगुणी निर्मलता बढ़ती है।
२. स्थिति-बन्धापसरण: नवीन बंधने वाले कर्मों की स्थिति घट-घट कर बंधती है।
३. अनुभाग-बन्धापसरण: पाप प्रकृतियों की फलदान शक्ति प्रतिसमय अनन्तगुणी हीन-हीन होकर बंधती है (द्विस्थानीय बंध)।
४. अनुभाग-बन्ध वृद्धि: पुण्य प्रकृतियों का अनुभाग प्रतिसमय अनन्तगुणा अधिक-अधिक बंधता है (चतुःस्थानीय बंध)।
श्रेणी व्यवस्था (उपशम श्रेणी बनाम क्षपक श्रेणी)
- आठवें गुणस्थान से 'श्रेणी' (आरोहण) प्रारम्भ होती है:
- उपशम श्रेणी: द्वितीयोपशम या क्षायिक सम्यग्दृष्टि मुनि चढ़ते हैं। इसमें चारित्रमोहनीय की २१ प्रकृतियों को दबाया (उपशमित) किया जाता है। यहाँ से जीव नियम से नीचे गिरता है। मरण होने पर वैमानिक देव बनता है। एक भव में अधिकतम २ बार और संसार में ४ बार चढ़ी जा सकती है।
- क्षपक श्रेणी: केवल क्षायिक सम्यग्दृष्टि मुनि ही चढ़ते हैं। इसमें २१ प्रकृतियों का सर्वथा समूल नाश (क्षय) किया जाता है। क्षपक श्रेणी में कभी मरण नहीं होता और जीव नियम से उसी भव में मोक्ष प्राप्त करता है। संसार में मात्र १ बार चढ़ी जाती है।
- (अतः कोई जीव ८वें, ९वें, १०वें गुणस्थान को एक भव में अधिकतम ५ बार और संसार में ९ बार प्राप्त कर सकता है)।
अपूर्वकरण में होने वाले ४ महान् कार्य
- १. स्थितिकाण्डक घात: सत्ता में स्थित कर्मों की स्थिति के विशाल समूह को हर अन्तर्मुहूर्त में काटकर नष्ट करना (आयु कर्म का घात नहीं होता)। दृष्टान्त: जैसे नारियल के गोले (भेला) को घिस-घिस कर कम किया जाता है।
- २. अनुभागकाण्डक घात: सत्ता में स्थित पाप प्रकृतियों के अनुभाग (फलदान शक्ति) को हर अन्तर्मुहूर्त में अनन्त बहुभाग नष्ट करना। दृष्टान्त: जैसे मेथी दाने की कड़वाहट धो-धोकर कम करना, या विषैली ककड़ी के ऊपरी भाग को काटकर उसी से घिसकर विष कम करना।
- ३. गुणश्रेणी निर्जरा: सत्ता में संचित कर्म परमाणुओं की प्रतिसमय असंख्यात-गुणाकार क्रम से निर्जरा होना (जैसे २०, ६०, १८०, ५४०... परमाणु प्रतिसमय झड़ना)।
- ४. गुणसंक्रमण: सत्ता में स्थित अप्रशस्त (पाप) प्रकृतियों के परमाणुओं का प्रतिसमय असंख्यातगुणी श्रेणी से प्रशस्त (पुण्य) प्रकृतियों के रूप में परिणत हो जाना।
प्रकृतियों का उपशम/क्षय एवं कृष्टि रचना
- उपशम श्रेणी वाला यहाँ अप्रत्याख्यानावरण ४, प्रत्याख्यानावरण ४, संज्वलन क्रोध, मान, माया और ९ नोकषाय (कुल २० प्रकृतियों) का उपशम करता है। क्षपक श्रेणी वाला इनका क्षय करता है।
- १६ प्रकृतियों का क्षय: क्षपक श्रेणी वाला मुनि इसी गुणस्थान में स्त्यानगृद्धि, निद्रा-निद्रा, प्रचला-प्रचला और नामकर्म की १३ अप्रशस्त (कुल १६) प्रकृतियों का क्षय करता है।
- ९ भाग: इसके ९ भाग किए जाते हैं; प्रारम्भ के ६ भाग सवेद भाग (स्त्री, पुं, नपुंसक वेद सहित) और अन्तिम ३ भाग अवेद भाग कहलाते हैं।
- कृष्टि रचना: कषाय के अनुभाग को घटाने हेतु बादर कृष्टि से सूक्ष्म कृष्टि की जाती है। दृष्टान्त: जैसे अनार के दाने निकालकर फिर उनका सूक्ष्म रस निकाला जाता है। प्रवेश करते ही निधत्ति और निकाचित कर्मों की अवस्थाएँ समाप्त हो जाती हैं।
विशेषताएँ
- कषाय के उदय सहित संसारी जीवों का यह सबसे अन्तिम गुणस्थान है। इसके आगे किसी कषाय का उदय नहीं होता।
- यहाँ सूक्ष्म साम्पराय संयम होता है, जो पूर्ण यथाख्यात संयम से किंचित् ही न्यून होता है। यह सान्तर मार्गणा है (हमेशा जीव रहे यह नियम नहीं है)।
- गमन: क्षपक श्रेणी वाले मुनि सूक्ष्म लोभ का सर्वथा क्षय करके सीधे १२वें (क्षीणमोह) में जाते हैं। उपशम श्रेणी वाले सूक्ष्म लोभ का उपशम करके ११वें (उपशान्तमोह) में जाते हैं।
पतन का सार्वभौमिक नियम व २ कारण
- इस गुणस्थान से मुनिराज नियम से नीचे गिरते ही गिरते हैं, क्योंकि कर्म केवल दबे हैं, नष्ट नहीं हुए। यह क्षपक श्रेणी वालों का नहीं होता।
- उपशम सम्यग्दर्शन व क्षायिक सम्यग्दर्शन दोनों के साथ इस दशा की निर्मलता में कोई अन्तर नहीं होता। किन्तु क्षायिक वाले ४थे गुणस्थान से नीचे नहीं आते, जबकि द्वितीयोपशम वाले नीचे गिरते हुए मिथ्यात्व तक जा सकते हैं और कुछ कम अर्द्धपुद्गल परावर्तन तक संसार में रह सकते हैं।
- पतन के दो कारण:
१. कालक्षय: गुणस्थान का अन्तर्मुहूर्त काल समाप्त होते ही कषायों के उभरने से उतरकर क्रमशः १०वें, ९वें, ८वें, ७वें आदि में आते हैं।
२. भवक्षय: यदि इस गुणस्थान में आयु समाप्त हो जाए, तो मरण करके नियम से चतुर्थ गुणस्थानवर्ती अनुत्तर या वैमानिक देव बनते हैं। - इसमें प्रथम शुक्ल ध्यान होता है (आचार्य वीरसेनस्वामी के मतानुसार प्रथम दो शुक्ल ध्यान होते हैं)।
विशेषताएँ एवं घातिया कर्मों का नाश
- यह अप्रतिपाती गुणस्थान है, अर्थात् यहाँ से कभी पतन नहीं होता। यहाँ केवल क्षपक श्रेणी वाले जीव ही १०वें गुणस्थान से आते हैं।
- शेष ३ घातिया कर्मों का क्षय: इस गुणस्थान के अन्तिम समय में ज्ञानावरणीय की ५, दर्शनावरणीय की ४ और अन्तराय की ५ (कुल शेष घातिया कर्मों) का एक साथ नाश हो जाता है।
- यहाँ मात्र क्षायिक सम्यग्दर्शन व क्षायिक चारित्र रहता है। इसमें द्वितीय शुक्लध्यान होता है (आचार्य वीरसेनजी के मतानुसार प्रथम पाया में प्रथम शुक्लध्यान व अन्तिम पाया में द्वितीय शुक्लध्यान)।
- इस गुणस्थान के अन्त में मुनिराज के औदारिक शरीर से समस्त सूक्ष्म निगोदिया जीवों का सर्वथा निष्कासन हो जाता है।
- केवल उत्तम वज्रवृषभनाराच संहनन वाले मुनि ही इस गुणस्थान में प्रवेश कर केवलज्ञान प्राप्त कर सकते हैं। इस गुणस्थान तक छद्मस्थ अवस्था रहती है।
सयोगकेवली दशा की अलौकिक विशेषताएँ
- केवलज्ञान सूर्य: केवलज्ञान प्रगट होते ही तीनों लोकों के समस्त भूत, भविष्यत् और वर्तमान द्रव्य-पर्याय दर्पण के समान ज्ञान में युगपत् प्रत्यक्ष झलकते हैं।
- दर्शन व ज्ञान युगपत्: १ से १२ गुणस्थान तक पहले दर्शन फिर ज्ञान होता है, किन्तु १३वें-१४वें गुणस्थान व सिद्धों में दर्शन और ज्ञान दोनों एक ही साथ (युगपत्) होते हैं।
- समवसरण व परम औदारिक शरीर: केवली भगवान का शरीर धातु-उपधातु, पसीने, रोग व मल-मूत्र से रहित 'परम औदारिक शरीर' में परिवर्तित हो जाता है। तीर्थङ्कर केवली जमीन से ५००० धनुष अधर आकाश में १२ सभाओं वाले समवसरण में विराजमान रहते हैं। सामान्य केवली के लिए गन्धकुटी की रचना होती है।
- केवली समुद्घात: अन्तिम अन्तर्मुहूर्त में तृतीय शुक्लध्यान होता है। यदि आयु कर्म अन्तर्मुहूर्त शेष रह जाए और शेष तीन अघातिया कर्मों (वेदनीय, नाम, गोत्र) की स्थिति अधिक हो, तो चारों कर्मों की स्थिति को बराबर करने हेतु केवली भगवान दण्ड, कपाट, प्रतर और लोकपूरण रूप ८ समय का समुद्घात करते हैं।
- उत्कृष्ट काल गणित: कर्मभूमि के मनुष्य की उत्कृष्ट आयु १ पूर्वकोटि में बाल्यकाल के ८ वर्ष और ८ अन्तर्मुहूर्त (७वें, ६-७वें परिवर्तन, ७वें, ८वें, ९वें, १०वें, १२वें, १४वें के अन्तर्मुहूर्त) घटाने पर शेष काल सयोगकेवली का उत्कृष्ट काल है।
अयोगकेवली का काल एवं १८,००० शील के भेद
- शील के १८,००० भेद (मू.टी. १०१९): ३ योग × ३ करण × ४ संज्ञा × ५ इन्द्रिय × १० अन्य भेद × १० धर्म = १८,००० भेद।
- सयोगकेवली को 'शैलेष्य' क्यों नहीं कहा? (ज.ध. १६/१८३): सयोगकेवली के योग के निमित्त से होने वाले आस्रव मात्र के सत्त्व की अपेक्षा सम्पूर्ण कर्म निर्जरा रूप 'सकल संवर' नहीं हुआ है। अयोगकेवली ने समस्त आस्रवों के द्वार रोक दिए हैं, अतः 'शैलेष्य' विशेषण अयोगकेवली को ही लगाया गया है।
- कालमान: किसी वचन-ऋद्धिधारी मुनि द्वारा पाँच ह्रस्व अक्षरों—अ, इ, उ, ऋ, लृ के स्वाभाविक उच्चारण में जितना समय लगता है (अत्यन्त सूक्ष्म अन्तर्मुहूर्त), उतना ही इस गुणस्थान का काल होता है।
- कर्मक्षय व मोक्ष गमन: उपान्त्य समय (अन्तिम से एक पहले) में ७२ प्रकृतियों का क्षय हो जाता है। चरम समय (अन्तिम समय) में शेष १३ प्रकृतियों का क्षय हो जाता है। कुल ८५ अघातिया प्रकृतियों का सर्वथा विनाश कर आत्मा अगले ही समय में ऋजुगति (सीधी रेखा) से ऊर्ध्वगमन करती हुई लोक के अग्रभाग स्थित सिद्धालय में पहुँच जाती है। इसमें अन्तिम (चतुर्थ) शुक्ल ध्यान होता है। कोई लेश्या नहीं रहती।
अध्याय ४: सिद्ध भगवान प्ररूपणा (गुणस्थानातीत परम दशा)
- एक जीव की अपेक्षा सिद्ध अवस्था सादि-अनन्त है, किन्तु नाना जीवों की अपेक्षा सिद्ध पर्याय अनादि-अनन्त है।
- सिद्धों में भी उत्पाद, व्यय, ध्रौव्यपना पाया जाता है तथा प्रतिसमय नया-नया परिणमन होता है (जैसे आधे घंटे तक बिजली जलने पर प्रतिक्षण नई बिजली होने पर भी समान प्रकाश के कारण अन्तर ज्ञात नहीं होता)। सिद्ध अवस्था में भव्यत्व भाव का अभाव है।
आठ कर्मों के क्षय से प्रकट आठ आत्मिक गुण
| नष्ट कर्म प्रकृति | प्रकट सिद्ध गुण | गुण का आध्यात्मिक स्वरूप |
|---|---|---|
| १. मोहनीय कर्म | क्षायिक सम्यक्त्व | सदा निष्कम्प, निर्विकार, अटल आत्म-श्रद्धान। (१. मिथ्यात्व से मुक्ति) |
| २. ज्ञानावरणीय कर्म | केवलज्ञान | समस्त लोकालोक के त्रिकालवर्ती पदार्थों को युगपत् प्रत्यक्ष जानना। (६. अज्ञान से मुक्ति) |
| ३. दर्शनावरणीय कर्म | केवलदर्शन | समस्त पदार्थों की सामान्य सत्ता का प्रत्यक्ष प्रतिभास। (२. असंयम से मुक्ति) |
| ४. अन्तराय कर्म | अनन्तवीर्य | अनन्त आत्मिक सामर्थ्य व अखण्ड शक्ति। (३. प्रमाद से मुक्ति) |
| ५. नाम कर्म | सूक्ष्मत्व (अमूर्तत्व) | इन्द्रियों, वर्ण, गन्ध, रस, स्पर्श और समस्त भौतिक आकारों से रहित। (८. शरीर से मुक्ति) |
| ६. आयु कर्म | अवगाहनत्व | एक सिद्ध भगवान के स्थान में अनन्त सिद्ध भगवान बिना बाधा समाहित होना। (४. बादर कषाय से मुक्ति) |
| ७. गोत्र कर्म | अगुरुलघुत्व | न भारी होना, न हल्का होना; षड्गुणी हानि-वृद्धि रूप सहज परिणमन। (५. सूक्ष्म कषाय से मुक्ति) |
| ८. वेदनीय कर्म | अव्याबाध सुख | समस्त शारीरिक-मानसिक बाधाओं से रहित अतीन्द्रिय अनन्त सुख। (७. योग से मुक्ति) |
सिद्ध लोक, अवगाहना (आकार) रहस्य व सुख की तुलना
- सिद्ध लोक एवं ८ भूमियाँ (ध.पु. १४/४९५): धम्मादि सात नरक पृथिवियाँ एवं आठवीं ईषत्प्राग्भार भूमि सहित आठ भूमियाँ हैं। अढ़ाई द्वीप (४५ लाख योजन व्यास) प्रमाण मनुष्य क्षेत्र के ठीक ऊपर, आठवीं ईषत्प्राग्भार भूमि में स्थित सिद्धशिला के ऊपर, अन्तिम तनुवातवलय के शिखर भाग में सिद्ध भगवान निवास करते हैं। सिद्धालय के आगे धर्मास्तिकाय का अभाव होने से अनन्तशक्तिधारी सिद्ध परमेष्ठी वहीं रुक जाते हैं।
- अवगाहना (आकार) एवं पुरुषाकार: सिद्ध भगवान निराकार (अमूर्त) हैं, फिर भी आत्मप्रदेशों की अपेक्षा अन्तिम मनुष्य शरीर से किंचित् न्यून (१/३ भाग कम) पुरुषाकार होते हैं। दृष्टान्त जैसे मोम पिघलाकर आभूषण ढालने वाली घरिया/साँचे में मोम निकलने पर भीतर वही आकार रह जाता है।उत्कृष्ट अवगाहना कुछ कम ५२५ धनुष और जघन्य कुछ कम साढ़े तीन हाथ (चतुर्थ काल के अन्त में ७ हाथ वाले मनुष्य के ८ वर्षीय दीक्षित बालक की अपेक्षा) होती है।
- आत्मप्रदेश लोक प्रमाण क्यों नहीं फैलते? (स.सि. ९२८): संकोच और विस्तार का कारण नामकर्म था। नामकर्म का अभाव हो जाने से सिद्धों के आत्मप्रदेश न फैलते हैं और न सिकुड़ते हैं। दृष्टान्त जैसे कच्ची रोटी बनाते समय संकोच-विस्तार को प्राप्त होती है, किन्तु अँगारे पर सिकने के बाद जल का अभाव होने से संकोच-विस्तार समाप्त हो जाता है।
- सुख की तुलना (त्रि.सा. ५५९-५६०): त्रैलोक्य के समस्त चक्रवर्तियों, भोगभूमिजों, धरणेन्द्रों, देवेन्द्रों और अहमिन्द्रों के त्रिकाल सम्बन्धी समस्त सुखों को एकत्र कर अनन्त से गुणा किया जाए, तो भी सिद्धों के एक क्षण मात्र के अतीन्द्रिय सुख की बराबरी नहीं हो सकती।
८ प्रकार की मुक्ति एवं ८ अन्य दर्शनों का खण्डन
- ८ प्रकार की मुक्ति: १. मिथ्यात्व से मुक्ति (सौधर्म इन्द्र आदि देवों को), २. असंयम से मुक्ति (आचार्य, उपाध्याय, साधुओं को), ३. प्रमाद से मुक्ति (छठवें गुणस्थान से ऊपर मुनिराजों को), ४. बादर कषाय से मुक्ति (१०वें, १२वें व ऊपर वालों को), ५. सूक्ष्म कषाय से मुक्ति (१२वें से ऊपर वालों को), ६. अज्ञान से मुक्ति (केवली को), ७. योग से मुक्ति (१४वें व सिद्धों को), ८. शरीर से मुक्ति (सिद्ध भगवान को)।
- ८ दर्शनों का खण्डन: सदाशिव (सदा मुक्त मानना), सांख्य (मुक्ति में सुख न मानना), मस्करी (मुक्ति से पुनर्जन्म मानना), बौद्ध (आत्मा का सर्वथा नाश मानना), नैयायिक-वैशेषिक (मुक्ति में बुद्धि आदि गुणों का नाश मानना), ईश्वर-कर्तृत्त्ववादी (मुक्ति के बाद भी सृष्टि कार्य मानना) और मण्डली मत का आगम प्रमाणों द्वारा युक्तियुक्त निराकरण किया गया है।
अध्याय ५: १४ गुणस्थान गमनागमन एवं काल समीक्षा सारणी
| क्र. | गुणस्थान | कहाँ-कहाँ से आते हैं? | कहाँ-कहाँ जा सकते हैं? | उत्कृष्ट काल | जघन्य काल |
|---|---|---|---|---|---|
| १ | मिथ्यात्व | २, ३, ४, ५, ६, ७ | ३ (सादि), ४, ५, ७ | अनादि-अनन्त / सादि-सान्त (अर्धपुद्गल परावर्तन) | अन्तर्मुहूर्त |
| २ | सासादन सम्यक्त्व | ४, ५, ६ (केवल उपशम सम्यक्त्वी) | मात्र १ (मिथ्यात्व) में | ६ आवली | १ समय |
| ३ | सम्यग्मिथ्यात्व (मिश्र) | १ (सादि), ४, ५, ६ | १, ४ | अन्तर्मुहूर्त | अन्तर्मुहूर्त |
| ४ | अविरत सम्यक्त्व | १, ३, ५, ६, ७, ८, ९, १०, ११ | १, २, ३, ५, ७ | १ समय कम ३३ सागर + ९ अन्तर्मुहूर्त कम १ पूर्वकोटि | अन्तर्मुहूर्त |
| ५ | देशविरत (संयमासंयम) | १, ४, ६ | १, २, ३, ४, ७ | ३ अन्तर्मुहूर्त कम १ पूर्वकोटि | अन्तर्मुहूर्त |
| ६ | प्रमत्तविरत | मात्र ७ (उतरते समय) | १, २, ३, ४, ५, ७ | अन्तर्मुहूर्त | १ समय (मरण अपेक्षा) |
| ७ | अप्रमत्तविरत | १, ४, ५, ६, ८ (उपशम श्रेणी) | ६, ८ (मरण होने पर ४) | अन्तर्मुहूर्त (६ठे से आधा) | १ समय (मरण अपेक्षा) |
| ८ | अपूर्वकरण | ७, ९ (उपशम श्रेणी) | ७, ९ (मरण होने पर ४) | अन्तर्मुहूर्त | १ समय (उपशम मरण) / अन्तर्मुहूर्त |
| ९ | अनिवृत्तिकरण | ८, १० (उपशम श्रेणी) | ८, १० (मरण होने पर ४) | अन्तर्मुहूर्त | १ समय (उपशम मरण) / अन्तर्मुहूर्त |
| १० | सूक्ष्मसाम्पराय | ९, ११ (उपशम श्रेणी) | ९, ११ (उपशम), १२ (क्षपक) | अन्तर्मुहूर्त | १ समय (उपशम मरण) / अन्तर्मुहूर्त |
| ११ | उपशान्तमोह | मात्र १० (उपशम श्रेणी) | १० (मरण होने पर ४) | अन्तर्मुहूर्त | १ समय (मरण अपेक्षा) |
| १२ | क्षीणमोह | मात्र १० (क्षपक श्रेणी) | मात्र १३ (सयोगकेवली) | अन्तर्मुहूर्त | अन्तर्मुहूर्त |
| १३ | सयोगकेवली | मात्र १२ (क्षीणमोह) | मात्र १४ (अयोगकेवली) | १ पूर्वकोटि में ८ वर्ष व ८ अन्तर्मुहूर्त कम | अन्तर्मुहूर्त |
| १४ | अयोगकेवली | मात्र १३ (सयोगकेवली) | गुणस्थानातीत मोक्ष (सिद्ध पद) | ५ ह्रस्व अक्षर (अ, इ, उ, ऋ, लृ) उच्चारण काल | ५ ह्रस्व अक्षर उच्चारण काल |